सीलबंद घर का ताला तोड़ने पर मनोज तिवारी पर मामला दर्ज, बोले- हम भी कराएंगे FIR
By जनार्दन पाण्डेय | Published: September 18, 2018 10:19 AM2018-09-18T10:19:15+5:302018-09-19T16:34:10+5:30
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा एक सीलबंद घर का ताला तोड़े जाने का कथित वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद खड़ा हो गया था।
नई दिल्ली, 18 सितंबरः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष मनोज तिवारी पर सीलिंग के दौरान सील हुए एक घर का ताला तोड़ने का वीडियो आने के बाद उनके खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में मामला दर्ज कर लिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के ट्वीट के मुताबिक मनोज तिवारी पर आईपीसी की धारा 188, 461 और 465 के तहत मामले दर्ज कराए गए हैं। यह मामला डीएमसी ने दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार मनोज तिवारी ने दिल्ली में एक सीलबंद गैरआधिकारिक कॉलोनी के अंदर जाकर एक घर से डीएमसी के द्वारा सील बंद ताला तोड़ा था। यह घटना 16 सितंबर को चर्चा में आई थी। बाद में इसका वीडियो भी सामने आया था।
मामले की जानकारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज तिवारी ने कहा है कि वह भी इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा, 'लोगों की हालत खराब है। मैं केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि वह इन क्षत्रों में एक बार जाकर देखें। अगर सीलिंग गलत तरीके से हुई है तो हम भी इसका विरोध करते हैं। हम भी इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगे।'
If sealing is done in an illegal way, we will oppose and protest against it. I challenge Arvind Kejriwal to visit the colonies and answer the public in Delhi. We will also file an FIR: Delhi BJP Chief Manoj Tiwari on FIR registered against him pic.twitter.com/hteRCr5mxd
— ANI (@ANI) September 18, 2018
इससे पहले दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा एक सीलबंद घर का ताला तोड़े जाने का कथित वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद खड़ा हो गया था। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने इस वीडियो को दिल्ली के भाजपा शासित नगर निगमों से जोड़ दिया था।
Correction: FIR registered under Sections 188* of IPC and 461 & 465 DMC Act against Delhi BJP Chief Manoj Tiwari. On 16 September, he broke the sealed lock of a house in an unauthorised colony in Delhi's Gukulpur protesting against municipal officials 'pick & choose' system. https://t.co/LNr2Mm2nJo
— ANI (@ANI) September 18, 2018
आप के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा की नोटबंदी और जीएसटी के बाद अब सीलिंग ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वह (भाजपा) सुबह में सीलिंग करती है और शाम में ताला तोड़ती है। क्या वह समझती है कि लोग बेवकूफ हैं।’’
जबकि मनोज तिवारी ने भाषा से हुई बातचीत में कहा कि वह गोकुलपुर गये थे जहां लोगों ने उन्हें बताया कि 1000 के बीच केवल एक घर को निगम ने सील किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने निगम की चुनिंदा नीति के विरुद्ध सील को तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सभी मकान अवैध रूप से बनाये गये हैं लेकिन खास मकान को ही निगम ने कार्रवाई के लिए चुना।’’
उन्होंने कहा कि वह उच्चतम न्यायालय और उसकी निगरानी समिति से यह सुनिश्चित करने की अपील करना चाहते हैं कि सीलिंग अभियान के नाम पर चुनिंदा कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं नगर निगम को भी नहीं बख्शूंगा, चाहे वहां भाजपा का ही शासन क्यों न हो।’’
सीलिंग के मुद्दे पर ‘न्याययुद्ध’ अभियान चला रही कांग्रेस ने सीलिंग अभियान से प्रभावित लोगों को बचाने में विफल रहने पर तिवारी समेत भाजपा सांसदों के इस्तीफे की मांग की थी। न्याययुद्ध के संयोजक पूर्व कांग्रेस विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि गोकुलपुरी में नगर निगम द्वारा सील किये गये घर का रविवार को ताला तोड़कर तिवारी ने ड्रामा किया था।
(सामाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)