चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार में फिर से जंगलराज लौटने की बात कही
By एस पी सिन्हा | Published: November 26, 2022 06:36 PM2022-11-26T18:36:29+5:302022-11-26T18:36:29+5:30
प्रशांत किशोर ने कहा कि 35 साल से राज कर रहे लालू-नीतीश ने बिहार की दुर्दशा कर दी है। बिहार में आज बिना नजराना के कोई काम नहीं होता है। अगर जीवन को बेहतर बनाना है तो बिहार के लोगों को मोतियाबिंद का अच्छे से इलाज करना होगा।

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार में फिर से जंगलराज लौटने की बात कही
पटना: जन सुराज यात्रा पर निकले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर लगातार बिहार की नीतीश-तेजस्वी की सरकार और केंद्र के खिलाफ हमला बोल रहे हैं। पूर्वी चंपारण में पदयात्रा के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए पीके ने महागठबंधन की सरकार पर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने कहा लालू के अपराधियों वाले जंगलराज को जनता ने उखाड़ फेंका था, लेकिन अब वही जंगलराज पिछले दरवाजे से बिहार में लौट रहा है। उन्होंने बिहार में लौट रहे जंगलराज से लोगों को सचेत रहने की सलाह दी।
पीके ने कहा कि 35 साल से राज कर रहे लालू-नीतीश ने बिहार की दुर्दशा कर दी है, बिहार में आज बिना नजराना के कोई काम नहीं होता है। अगर जीवन को बेहतर बनाना है तो बिहार के लोगों को मोतियाबिंद का अच्छे से इलाज करना होगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश के राज में अधिकारियों का जंगलराज है, बिना भ्रष्टाचार के कोई काम नहीं होता है, इसे दूर करने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी हमला बोला।
पीके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों को लालू और नीतीश के भरोसे छोड़ दिया है। 2020 के चुनाव में बिहार की जनता ने भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाई, लेकिन भाजपा ने नीतीश को सीएम बना दिया। अब नीतीश ने भाजपा को धोखा दे दिया।