Election Exit Poll Result 2024: झारखंड में हेमंत सोरेन के अरमानों पर फिर सकता है पानी, 2 सीटों के नुकसान के बावजूद एनडीए की झोली में आ सकती हैं 10 सीटें
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: June 1, 2024 20:44 IST2024-06-01T20:39:29+5:302024-06-01T20:44:03+5:30
लोकसभा चुनाव के बाद जारी एक्जिट पोल से जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कोई राहत मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है। यहां पर एनडीए को 8 से 10 मिल सकती हैं। वहीं इंडिया गठबंधन को 4 से 6 सीटें मिलने के आसार हैं।

फाइल फोटो
Election Exit Poll Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के सात चरणों में संपन्न हुए मतदान के बाद आज कई मीडिया संस्थानों के एग्जिट पोल नतीजे सामने आ रहे हैं। चुनाव के संभावित परिणामों की ओर इशारा करने वाले इन एक्जिट पोल से जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कोई राहत मिलता हुआ नजर नहीं आ रहा है।
जी हां, राज्य की कुल 14 सीटों पर इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वे बता रहे हैं कि घाटा सहने के बावजूद सूबे की सीटों पर एनडीए का दबदबा कायम रहेगा। सर्वे के अनुसार एनडीए को 8 से 10 सीटें मिल सकती है, वहीं सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा जिस इंडिया गठबंधन के पाले में ताल ठोंक रही थी, उसे केवल 4 से 6 सीटें मिलने के आसार नजर आ रहे हैं।
सूबे में सभी सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है और अंतिम परिणाम 4 जून को आएंगे। एग्जिट पोल के अनुसार झारखंड में एनडीए का वोट शेयर 50 फीसदी के आसपास रहेगा। वहीं उसे टक्कर दे रही इंडिया गठबंधन को 41 फीसदी वोट शेयर मिल सकते हैं।
सर्वे के अनुसार इस चुनाव में एनडीए की लोकप्रियता में थोड़ी गिरावट आयी है और उसके कारण उसे 5 फीसदी वोटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। यही कारण है कि सर्वे इस बात की संभावना जता रहे हैं कि झारखंड में एनडीए को दो सीटों का नुकसान हो सकता है।
वहीं इंडिया गठबंधन के पाले में 4 से 6 सीटें आ सकती हैं। झारखंड में 14 लोकसभा सीटों पर चार, पांच, छह और सातवें चरण में मतदान संपन्न हुए। 13 मई को चौथे चरण में सिंहभूम, खूंटी, लोहरदग्गा और पलामू सीट पर वोटिंग हुई।
वहीं पांचवे चरण में 20 मई को तीन सीट चतरा, कोडरमा और हजारीबाग पर मतदान हुआ। छठे चरण में 25 मई को रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह सीट के लिए वोटिंग हुई और आखिर और सातवें चरण में 1 जून को गोड्डा, दुमका और राजमहल में वोटिंग संपन्न हुई।