Karnataka: 'क्या भाजपा कार्यकाल में रेप की घटनाएं नहीं हुईं?' सिद्धारमैया ने विवादित टिप्पणी से हुआ विवाद खड़ा
By रुस्तम राणा | Published: January 21, 2025 07:58 PM2025-01-21T19:58:56+5:302025-01-21T20:00:24+5:30
सिद्धारमैया भाजपा के उन आरोपों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें कहा गया था कि बेंगलुरु के केआर मार्केट में एक महिला के साथ बलात्कार की घटना के बाद कर्नाटक में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है।

Karnataka: 'क्या भाजपा कार्यकाल में रेप की घटनाएं नहीं हुईं?' सिद्धारमैया ने विवादित टिप्पणी से हुआ विवाद खड़ा
बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को यह पूछकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया कि क्या राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में बलात्कार की घटनाएं नहीं होती थीं। सिद्धारमैया भाजपा के उन आरोपों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें कहा गया था कि बेंगलुरु के केआर मार्केट में एक महिला के साथ बलात्कार की घटना के बाद कर्नाटक में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। इस संबंध में भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बेलगावी में पत्रकारों से बात करते हुए सिद्धारमैया ने पूछा, "क्या भाजपा के कार्यकाल में बलात्कार की घटनाएं नहीं हुईं? बलात्कार नहीं होने चाहिए। महिलाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन कुछ समाज विरोधी लोग ऐसा करते हैं।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "समाज में असामाजिक तत्व ऐसी हरकतें करते हैं। हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।" यह घटना रविवार, 19 जनवरी की रात को हुई और इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। पीड़िता कथित तौर पर येलहंका जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी। जब उसने आरोपियों से बस के बारे में पूछा, तो वे उसे गोडाउन स्ट्रीट ले गए और कहा कि वे उसे बस में ले जा रहे हैं। वहां, उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस ने घटना के सिलसिले में दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, "घटना एसजे पार्क में हुई। शिकायत जबरन वसूली और यौन उत्पीड़न से संबंधित है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।" भाजपा ने गृह मंत्री जी परमेश्वर के इस्तीफे की मांग करते हुए दावा किया है कि लूट, हत्या, बलात्कार और समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार जैसे अपराधों के मामले अचानक बढ़ गए हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने केआर मार्केट बलात्कार का हवाला देते हुए कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाया।