कांग्रेसी नेताओं की मांगः यूपी चुनाव में प्रियंका गांधी बनें मुख्यमंत्री पद का चेहरा, गठबंधन से तौबा!
By आदित्य द्विवेदी | Published: June 13, 2019 01:08 PM2019-06-13T13:08:21+5:302019-06-13T13:08:21+5:30
बुधवार को प्रियंका गांधी रायबरेली दौरे पर गई हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव मेें कांग्रेस पार्टी की बुरी तरह हार की समीक्षा की।
लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त झेलने के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मांग की है कि 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाना चाहिए। बुधवार को प्रियंका गांधी रायबरेली दौरे पर गई हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव मेें कांग्रेस पार्टी की बुरी तरह हार की समीक्षा की।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक कई पदाधिकारियों में प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने की मांग की है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि प्रियंका को 2022 में सीएम पद का चेहरा होना चाहिए। बैठक के बाद कांग्रेस नेता संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने सबकी बात सुनी। सभी ने एक ही बात सामने रखी कि आगामी उपचुनाव में गठबंधन न हो। उपचुनाव और 2022 के चुनाव में हम जीत दर्ज करेंगे ।
जालौन से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाले ब्रृजलाल खबरी का कहना है कि हमने बेहद विषम परिस्थितियों में 2019 लोकसभा चुनाव लड़े। अगर 2022 जीतना है तो प्रियंका गांधी को अगुवाई करनी पड़ेगी।
हार की समीक्षा बैठक में अधिकांश प्रत्याशियों ने पार्टी की हार के लिए देरी से टिकट वितरण, सीटवार गलत विश्लेषण, और खराब पब्लिसिटी प्लान को जिम्मेदार बताया है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी को दोबारा खड़ा करने के लिए अपना विचार भी व्यक्त किए।
हाल के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बुरी पराजय का मुंह देखना पड़ा है। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस केवल एक ही सीट (रायबरेली) जीत सकी । कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी में भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने शिकस्त दी।
पीटीआई-भाषा से इनपुट लेकर