दिल्ली पुलिस ने एक अस्पताल के लिए 20 ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम किया
By भाषा | Published: April 18, 2021 10:31 PM2021-04-18T22:31:49+5:302021-04-18T22:31:49+5:30
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में स्थित एक अस्पताल में भर्ती कोविड-19 के 35 मरीजों की मदद के लिए रविवार को 20 ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की।
निहाल विहार पुलिस थाने के कर्मचारी को दोपहर करीब डेढ़ बजे नांगलोई नजफगढ़ मार्ग स्थित मनसा राम हॉस्पिटल के निदेशक से एक कॉल आया था। उनसे फोन पर कहा गया कि अस्पताल में कोविड-19 के 35 मरीजों को ऑक्सीजन दिया जा रहा है लेकिन इसका भंडार एक घंटे से अधिक के लिए नहीं है।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल ने सभी संबद्ध आपूर्तिकर्ताओं से संपर्क किया था ,लेकिन इसकी कमी के चलते कोई जवाब नहीं मिल पाया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (बाहरी) सुधांशु धामा ने कई अधिकारियों के साथ समन्वय किया और निहाल विहार पुलिस थाने की दो टीमों को मुंडका तथा बवाना जा कर आपूर्तिकर्ताओं से ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
धामा ने बताया , ‘‘बवाना के आपूर्तिकर्ता ने कहा कि महामारी के चलते ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी है। हालांकि, अस्पताल में आपात स्थिति पैदा होने के चलते फौरन ही 10 सिलेंडर की व्यवस्था की गई तथा आधे घंटे के बाद 10 और सिलेंडर की व्यवस्था की गई।’’
पुलिस ने बताया कि वहीं, भरत नगर पुलिस थाना प्रभारी मोहर सिंह ने भोपाल में कोविड के 67 वर्षीय एक मरीज के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की पांच शीशी का इंतजाम किया और उसे फौरन विमान से भिजवाया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।