दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कोविड-19 टेस्ट आया निगेटिव, सांस लेने में दिक्कत और बुखार के बाद हुए थे अस्पताल में भर्ती
By सुमित राय | Published: June 16, 2020 01:37 PM2020-06-16T13:37:06+5:302020-06-16T14:06:32+5:30
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को सांस लेने में दिक्कत और तेज बुखार के बाद राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब उनका कोरोना वायरस का टेस्ट निगेटिव आाया है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कोरोना वायरस (Covid-19) टेस्ट निगेटिव आया है। सतेंद्र जैन को सोमवार रात सांस लेने में दिक्कत और तेज बुखार के बाद राजीव गांधी स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह उनका कोरोना टेस्ट कराया गया, जो निगेटिव आया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि सतेंद्र जैन का कोरोना वायरस का टेस्ट निगेटिव आया है। बता दें कि इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबियत खराब हुई थी और उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। हालांकि अरविंद केजरीवाल का कोरोना वायरस का टेस्ट भी निगेटिव आया था।
55 वर्षीय सतेंद्र जैन ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर बताया, "कल रात हाई फीवर और मेरे शरीर में ऑक्सीजन के स्तर में अचानक गिरावट के कारण मुझे आरजीएसएसएच में भर्ती कराया गया है। सभी को अपडेट देते रहूंगा।" इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "अपनी सेहत का ख्याल किए बिना आप रात दिन 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहे। अपना ख्याल रखें और जल्द स्वस्थ हों।"
अपनी सेहत का ख़्याल किए बिना आप रात दिन 24 घंटे जनता की सेवा में लगे रहे। अपना ख़्याल रखें और जल्द स्वस्थ हों। https://t.co/pmsU5fuuRP
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 16, 2020
दिल्ली में 43 हजार के करीब पहुंची संक्रमितों की संख्या
दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 1647 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद कोविड-19 के कुल मामले 42,829 पहुंच गए। वहीं मृतकों का आंकड़ा 1400 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया है कि पिछले 24 घंटे में 73 मरीजों की मौत हुई है।
दिल्ली में 14 जून को आए थे सबसे ज्यादा 2224 मामले
दिल्ली में 12 से 14 जून के बीच रोजाना दो हजार से ज्यादा मामले रिपोर्ट हो रहे थे। एक दिन में सबसे ज्यादा 2,224 मामले 14 जून को रिकॉर्ड किए गए थे। बुलेटिन के अनुसार कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1400 हो गई है। कुल मामले 42,829 हो गए हैं।