कांग्रेस एक-दो दिन में कर सकती है दिल्ली में उम्मीदवारों की घोषणा
By भाषा | Published: January 16, 2020 12:04 AM2020-01-16T00:04:11+5:302020-01-16T00:04:11+5:30
कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची अगले एक-दो दिन में जारी कर सकती है। पार्टी सूत्रों ने बताया कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) 10 उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है और बृहस्पतिवार को होने वाली सीईसी की बैठक में कई और नामों को मंजूरी दी जा सकती है।
दिल्ली में अपनी खोई जमीन वापस पाने की उम्मीद के साथ मैदान में उतर रही कांग्रेस अपने ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं को टिकट दे सकती है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप सरकार के मंत्रियों के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतार सकती है।
आम आदमी पार्टी ने अगले महीने होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को घोषित कर दी। आप की राजनीतिक मामलों की समिति ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नयी दिल्ली विधानसभा सीट से जबकि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में आठ फरवरी को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 11 फरवरी को होगी।