Delhi Results: अरविंद केजरीवाल समेत ये दर्जन भर नेता कर चुके हैं तीन बार मुख्यमंत्री बनने का कमाल, देखें पूरी लिस्ट

By विनीत कुमार | Published: February 11, 2020 05:12 PM2020-02-11T17:12:40+5:302020-02-11T17:14:02+5:30

Delhi Assembly Election Results: अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। ये लगातार तीसरी बार है जब जब आम आदमी पार्टी दिल्ली के चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है।

Delhi assembly election results 2020 list of leaders become cm for successive three terms | Delhi Results: अरविंद केजरीवाल समेत ये दर्जन भर नेता कर चुके हैं तीन बार मुख्यमंत्री बनने का कमाल, देखें पूरी लिस्ट

Delhi Results: अरविंद केजरीवाल तीसरी बार बनेंने दिल्ली के मुख्यमंत्री (फाइल फोटो)

HighlightsDelhi Results: अरविंद केजरीवाल तीसरी बार बनेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्रीकेजरीवाल के अलावा नरेंद्र मोदी, मानिक सरकार, शीला दीक्षित, ज्योति बसु जैसे कई नेता कर चुके हैं ये कमाल

Delhi Assembly Election Results: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की बड़ी जीत के साथ ही एक बार फिर अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। यह लगातार तीसरी बार होगा जब केजरीवाल दिल्ली की कमान संभालेंगे। अरविंद केजरीवाल सबसे साल 2013 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री बने थे। 

उस समय 'आप' ने कांग्रेस से बाहर से मिले समर्थन के दम पर सरकार बनाई थी। इसके बाद 2015 में 67 सीटों पर दमदार जीत के बाद केजरीवाल दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने में कामयाब हुए। वैसे ये पहली बार नहीं है जब कोई शख्स तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेगा। केजरीवाल समेत देश भर में दर्जन भर ऐसे नेता रहे है जो लगातार तीन बार मुख्यमंत्री की सीट पर काबिज हुए हैं। देखिए पूरी लिस्ट...    

1. नरेंद्र मोदी (गुजरात): अभी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लगातार चार बार गुजरात का मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। उन्होंने पहली बार 2001 में गुजरात का सीएम पद संभाला था। इसके बाद गुजरात दंगों के बाद 2002 के चुनाव में बीजेपी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सत्ता में वापसी करने में कामयाब रही। मोदी 2007 और 2012 के चुनाव में भी जीत के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री बनने में कामयाब रहे।

2. माणिक सरकार (त्रिपुरा): सीपीआई (एम) के मानिक सरकार ने मार्च 1998 से लगातार मार्च 2018 तक त्रिपुरा का मुख्यमंत्री पद संभाला। वह लगातार चार बार मुख्यमंत्री बने। हालांकि साल 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को सत्ता से बाहर होना पड़ा और बीजेपी कुर्सी पर कब्जा जमाने में कामयाब रही।

3. नवीन पटनायक (ओडिशा): अपने पिता बीजू पटनायक के निधन के बाद राजनीति के क्षेत्र में उतरने वाले नवीन पटनायक ने 1998 में बीजू जनता दल (बीजेडी) की स्थापना की। साल 2000 में बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बाद नवीन पटनायक पहली बार ओडिशा के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद साल 2004 और फिर 2009 में भी वे मुख्यमंत्री बने। ये सिलसिला यही नहीं थमा और वे 2014, 2019 में भी ओडिशा की सत्ता में काबिज होने में कामयाब रहे। वे पांच बार से ओडिशा के मुख्यमंत्री बनते आ रह हैं।

4. ओकराम इबोबी सिंह (मणिपुर):कांग्रेस नेता इबोबी सिंह पहली बार 2002 में मणिपुर के मुख्यमंत्री बने थे और इसके बाद 2007 तक तमाम चुनाव में जीत हासिल कर सत्ता पर काबिज होने में कामयाब रहे।  

5. पवन कुमार चामलिंग (सिक्किम): पश्चिम बंगाल के ज्योति बसु के बाद चामलिंग दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने लगातार पांच बार राज्य की कमान संभाली। वे 1994, 1999, 2004, 2009 और 2014 में सिक्किम के मुख्यमंत्री बनने में कामयाब रहे।

6. शीला दीक्षित (दिल्ली): दिल्ली में कांग्रेस का लंबे समय तक चेहरा रहीं शीला दीक्षित तीन बार मुख्यमंत्री बनने में कामयाब रहीं। वे 1998 में पहली बार दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी। इसके बाद 2003 और फिर 2008 में भी चुनाव जीतकर वे दिल्ली की कमान संभालने में कामयाब रहीं। हालांकि, 2013 में उन्हें सत्ता से बाहर होना पड़ा।

7. तरुण गोगोई (असम): कांग्रेस के तरुण गोगोई 2001 से 2016 के बीच लगातार 15 साल असम के मुख्यमंत्री रहे।

8. ज्योति बसु (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के 1977 से साल 2000 तक मुख्यमंत्री रहे। इस तरह वे भारत से किसी भी राज्य के सबसे लंबे समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री हैं। उनका निधन साल 2010 में हुआ।

9. नीतीश कुमार (बिहार): साल 2005 में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू पूर्ण बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाने में कामयाब रही। इसके बाद साल 2010 में भी नीतीश सत्ता में वापसी करने में कामयाब रहे। नीतीश ने 2015 में आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और एक बार फिर सत्ता में वापसी करने में कामयाब रहे। हालांकि, इस बीच जीतन राम मांझी भी कुछ देर के लिए मुख्यमंत्री रहे। 

10. रमन सिंह (छत्तीसगढ़): बीजेपी नेता रमन सिंह के नाम भी तीन बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। वे 2003 में पहली बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2008 और फिर 2013 में भी वे जीत हासिल कर सत्ता में काबिज होने में कामयाब रहे। साल 2018 में हालांकि कांग्रेस ने यहां वापसी की।

11. शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश): बीजेपी के शिवराज सिंह चौहान के पास भी तीन बार किसी राज्य का मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड है। वे 2005 में पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2008 और फिर 2013 में भी बीजेपी शिवराज के नेतृत्व में जीत हासिल कर सत्ता में वापसी करने में कामयाब रही। 2018 में यहां कांग्रेस के कमलनाथ ने कमान संभाली।

12. अरविंद केजरीवाल (दिल्ली): अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इससे पहले 2013 और 2015 में हुए चुनाव में भी आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सत्ता में आने में कामयाब रही। हालांकि, इस दौरान 2014 से 2015 के बीच करीब एक साल दिल्ली में राष्ट्रपति शासन भी लगा।

Web Title: Delhi assembly election results 2020 list of leaders become cm for successive three terms

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे