सहारनपुर में आईएएस अधिकारी लव अग्रवाल के भाई का शव मिला
By भाषा | Published: January 18, 2021 10:20 PM2021-01-18T22:20:00+5:302021-01-18T22:20:00+5:30
सहारनपुर(उप्र), 18 जनवरी उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले में आईएएस अधिकारी लव अग्रवाल के छोटे भाई का शव सोमवार को संदिग्ध हालत में बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में बताया।
पुलिस अधीक्षक (देहात) अतुल शर्मा ने बताया, ‘‘आईएएस अधिकारी लव अग्रवाल के भाई अंकुर अग्रवाल की थाना सरसावा के अन्तर्गत पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी है। रोजाना की तरह अंकुर अग्रवाल अपनी फैक्टरी गये थे। सोमवार देर शाम फैक्टरी के पास ही एक खेत से अंकुर अग्रवाल का शव बरामद हुआ। शव के पास से उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया, ‘‘केंद्रीय संयुक्त सचिव (स्वास्थ्य) लव अग्रवाल सहारनपुर के निवासी हैं। पुलिस लव अग्रवाल के भाई अंकुर अग्रवाल की मौत के मामले में सारे पहलुओं की जांच कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।