गोरखपुर में 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत से हड़कंप, कोरोना के खौफ से लोगों में दहशत, जांच के लिए भेजा गया वेट रिसर्च सेंटर
By पल्लवी कुमारी | Published: May 27, 2020 11:52 AM2020-05-27T11:52:49+5:302020-05-27T11:52:49+5:30
कई मीडिया रिपोर्ट ने दावा किया है कि चीन के वुहान मार्केट में चमगादड़ों से ही कोरोना वायरस फैला है। गोरखपुर के अलाव बिहार में भी 200 से अधिक चमगादड़ मृत पाए गए हैं।
गोरखपुर:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार (26 मई) को दो अलग-अलग जगहों पर रहस्यमयी तरीके से 500 से ज्यादा चमगादड़ मृत मिले। बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत को लेकर सनसनी फैल गई है। ग्रामीण इस घटना को कोरोना वायरस संक्रमण से जोड़कर देख रहे हैं। लोगों में अनजान वायरस फैलने का भी शक है। गोरखपुर के बेलघाट इलाके और गोला इलाके में रहस्यमयी तरीके से चमगादड़ मृत मिले हैं।
वन विभाग को आशंका है कि अत्यधिक गर्मी और पानी न मिलने की वजह से ये चमगादड़ मर गए होंगे। बहरहाल, इन मृत चमगादड़ों को पोस्टमार्टम और रिसर्च के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) (वेट रिसर्च सेंटर) भेज दिया गया है।
बेलघाट के निवासी ने क्या बताया?
बेलघाट के पंकज शाही ने कहा, "मैंने अपने बगीचे में सुबह देखा कि आम के पेड़ के नीचे बड़ी संख्या में चमगादड़ मरे पड़े हैं। मेरे बाग से सटा हुआ एक और बाग है, वहां भी खासी संख्या में चमगादड़ मरे पड़े थे।
शाही ने बताया कि उन्होंने इस बारे में वन विभाग को सूचना दी और उसकी टीम मृत चमगादड़ों को पोस्टमार्टम के लिए ले गई है। टीम के सदस्यों का भी कहना है कि बाग में पानी रखा जाए क्योंकि वे चमगादड़ बेइंतहा गर्मी की वजह से मरे हैं।
प्रथम दृष्टया में ऐसा लगता है इन कि चमगादड़ों की मौत अत्यधिक गर्मी और आसपास पानी ना मिलने की वजह से हुई। पास पड़ोस के तालाब भी सूखे हुए हैं। इस बीच, प्रभागीय वन अधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इन चमगादड़ों की मौत का असल कारण पता लग पाएगा।
नवभारत टाइम्स में छपी रिपोर्ट के आधार पर बेलघाट और गोला इलाके के गोपलापुर से चमगादड़ों के मरने की खबर आई है। गोला इलाके में यूकेलिप्टस के पेड़ों पर रह रहे करीब 250 चमगादड़ मरे मिले थे। हालांकि वहां पर दो दिनों से ऐसा हो रहा है। बेलघाट की घटना के बाद इसे नोटिस में लिया गया।
बिहार में 200 से अधिक चमगादड़ मृत पाए गए
इसी तरह की घटना बिहार में भी हुई है। बिहार के पशुपालन विभाग के डॉक्टरों ने मंगलवार (26 मई) को भोजपुर जिले में आरा के पास चमगादड़ों की बड़े पैमाने पर मौत की रिपोर्ट की पुष्टि की है। जांच के लिए चमगादड़ों के सैंपल को पटना भेजा गया है और डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मौत का कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़ी संख्या में चमगादड़ मृत पाए गए, जिसके बाद पशुपालन विभाग को सूचित किया गया। जिला पशुपालन अधिकारी डॉ. सिद्ध नाथ राय ने कहा कि छह डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और वहां लगभग 200 चमगादड़ों की मौत की सूचना दी है।