COVID-19: 12-14 साल के बच्चों का मार्च से होगा टीकाकरण, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने दी मंजूरी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 17, 2022 05:10 PM2022-01-17T17:10:46+5:302022-01-17T18:11:55+5:30
मार्च से 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण भी शुरू हो जाएगा। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने सोमवार को इसकी मंजूरी दे दी है।
नई दिल्ली: केंद्र सरकार कोविड-19 के खिलाफ अपने टीकाकरण अभियान को क्रांतिकारी तरीके से आगे बढ़ा रही है। अब मार्च से 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण भी शुरू हो जाएगा। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने सोमवार को इसकी मंजूरी दे दी है।
टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह के प्रमुख एनके अरोड़ा ने इसकी जानकारी दी है। दरअसल, जिस रफ्तार से 15 से 17 साल के आयु वर्ग के बच्चों में टीकाकरण हो रहा है उससे उम्मीद की जा रही है कि फरवरी के अंत तक उस आयु वर्ग का टीकाकरण हो जाएगा।
एनके अरोड़ा ने कहा है कि टीकाकरण की इस गति के चलते 15-18 आयु वर्ग के शेष लाभार्थियों को जनवरी के अंत तक और उसके बाद पहली खुराक के साथ कवर किए जाने की संभावना है। उनकी दूसरी खुराक फरवरी के अंत तक होने की उम्मीद है।
सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने ट्वीट किया, COVID-19 टीकाकरण सिरिंज के लिए युवा भारत में अद्भुत उत्साह है। 3 जनवरी से अब तक 15-18 आयु वर्ग के 3.5 करोड़ से अधिक बच्चों को COVID-19 वैक्सीन की पहली खुराक मिली है। मेरे सभी युवा मित्रों को बधाई जिन्होंने टीका लगाया है।
Amazing enthusiasm among Young India for #COVID19 vaccination 💉
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) January 17, 2022
Over 3.5 crore children between the 15-18 Age group have received 1st dose of COVID-19 vaccine, since 3rd January.
Congratulations to all my young friends who have got vaccinated.#SabkoVaccineMuftVaccinepic.twitter.com/4sa8DzCIJ4
बता दें कि इसी महीने की 3 तारीख से 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू हुआ था। सरकार कोविड-19 के खिलाफ तेजी से वैक्सीनेशन प्रोग्राम को चला रही है। 25 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए COVID-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान में 15 से 18 आयु वर्ग को शामिल करने की घोषणा थी।