भारत में कोरोना के एक दिन में रिकॉर्ड 1.68 लाख से अधिक नए मामले, एक्टिव मरीज 12 लाख के पार
By विनीत कुमार | Published: April 12, 2021 09:51 AM2021-04-12T09:51:26+5:302021-04-12T10:02:50+5:30
Coronavirus: भारत में पिछले 24 घंटे में 900 से ज्यादा मरीजों की मौत हो गई है। वहीं, एक्टिव केसों की संख्या भी 12 लाख के पार पहुंच गई है।
भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 1 लाख 68 हजार 912 नए केस सामने आए हैं। कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से भारत में एक दिन में पहली बार इतने नए मामले मिले हैं। वहीं, इसी अवधि में 904 लोगों की मौत भी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में अब तक एक करोड़ 35 लाख 27 हजार 717 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 1 करोड़ 21 लाख 56 हजार 529 लोग ठीक भी हुए हैं।
सरकार के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 75,086 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। देश में मरने वालों का आंकड़ा भी 1 लाख 70 हजार के पार पहुंच गया है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 12 लाख से ऊपर पहुंच गई है। देश में अब तक 10 करोड़ 45 लाख 28 हजार 565 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।
महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना के रिकॉर्ड नए मामले
महाराष्ट्र में सबसे अधिक रविवार को कोविड-19 के अब तक के सर्वाधिक 63,294 नए मामले सामने आए। साथ ही संक्रमण की वजह से 349 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 57,987 हो गई है।
राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 5,65,587 है। केवल मुंबई में कोविड-19 के 9,986 नए मामले सामने आए और 79 मरीजों की मौत हो गई। मुंबई में अब तक कोरोना से 12,023 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
वहीं बात दिल्ली की करें तो रविवार को देश की राजधानी में रिकॉर्ड 10,774 नए मामले सामने आए। वहीं 48 और लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में इसी के साथ कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 11,283 हो चुका है।
दिल्ली में इससे पहले सबसे ज्यादा 8,593 दैनिक मामले पिछले साल 11 नवंबर को सामने आए थे और 19 नवंबर को संक्रमण की वजह से 131 लोगों की मौत हो गई थी। मौत के संबंध में एक दिन में यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 7,897 नए मामले सामने आए और 39 लोगों की मौत हुई थी।