Coronavirus Outbreak: बिहार में कोरोना के 12 नए मामले, राज्य में कुल संक्रमित लोगों की संख्या हुई 51
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 9, 2020 02:37 PM2020-04-09T14:37:38+5:302020-04-09T14:50:48+5:30
बिहार में अबतक तक कोरोना वायरस के 4689 संदिग्ध नमूनों की जांच की जा चुकी है जिसमें से अबतक 4496 को वायरस ना होने की पुष्टि हुई है।
पटना: बिहार में कोरोना वायरस को लेकर संकट गहराता चला जा रहा है। राज्य में गुरुवार (09 अप्रैल) को कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं। इसे लेकर राज्य में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 51 पहुंच चुकी है। यह जानकारी समाचार एजेंसी भाषा ने एक अधिकारी के हवाले से बताई है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले प्रकाश में आए हैं जिनमें सिवान के 10 और बेगूसराय के दो मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सिवान में कोरोना संक्रमण के जो नए मामले प्रकाश में आए हैं उनमें पूर्व में ओमान से आए संक्रमित व्यक्ति के परिवार के नौ सदस्य हैं।
इनमें सात महिलाएं :उम्र 26, 18, 12, 29, 50, 12 और 20 साल और दो पुरुष उम्र 30 और 10 साल शामिल हैं। संजय कुमार ने बताया कि सिवान निवासी और दुबई से 16 मार्च को आए एक व्यक्ति (36) में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि बेगूसराय में दो पुरुष उनकी उम्र 15 और 18साल है। वह कहां-कहां यात्रा पर गए थे इसका पता लगाया जा रहा है। बिहार में अबतक तक कोरोना वायरस के 4689 संदिग्ध नमूनों की जांच की जा चुकी है जिसमें से अबतक 4496 को वायरस ना होने की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि कतर से लौटे मुंगेर निवासकी 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी । वहीं बिहार में कोविड 19 संक्रमित 15 मरीज अबतक ठीक भी हो चुके हैं।
लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों की ‘बिहार फाउंडेशन’ कर रहा है मदद
लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों में फंसे बिहार के लोगों की ‘बिहार फाउंडेशन’ के जरिए मदद की जा रही है। ‘बिहार फाउंडेशन’ के संरक्षक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी हैं, लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों में फंसे बिहार के लोगों की इसके माध्यम से मदद की जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर ‘बिहार फाउंडेशन’ द्वारा दिल्ली सहित अन्य शहरों में राहत केंद्र बनाए गए हैं जहां भोजन के साथ-साथ भोजन के पैकेट बांटे जा रह हैं। इसमें खर्च होने वाली राशि का व्यय मुख्यमंत्री राहत कोष से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ‘बिहार फाउंडेशन’ के माध्यम से महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम जैसे राज्यों के कई शहरों तथा मुंबई, पुणे, नागपुर, सूरत, अहमदाबाद, गोवा, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, सिक्किम तथा दिल्ली में राहत केंद्र चलाए जा रहे हैं। लोगों को प्रतिदिन दोनों समय का भोजन और प्रति व्यक्ति 15 दिन के राशन पैकेट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।