Lockdown: लगातार दूसरे दिन भी सूरत की सड़कों पर जमा हुए प्रवासी मजदूर
By भाषा | Published: April 15, 2020 10:43 PM2020-04-15T22:43:38+5:302020-04-15T22:43:38+5:30
सूरत के कारखानों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों के हजारों प्रवासी पंडोल क्षेत्र में फंस गए हैं। उन्हें कुछ संगठनों की मदद से अधिकारियों द्वारा भोजन मुहैया कराया जा रहा है।
गुजरात के सूरत में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी प्रवासी मजदूरों की भीड़ सड़कों पर नजर आयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस उपायुक्त (एसीपी) डीजे चावड़ा ने कहा कि पंडोल औद्योगिक क्षेत्र के वेद रोड पर शाम चार बजे के आसपास लगभग भोजन परोसने से संबंधित किसी छोटी समस्या के कारण लगभग 300 मजदूर सड़कों पर उतर आए।
सूरत के कारखानों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों के हजारों प्रवासी पंडोल क्षेत्र में फंस गए हैं। उन्हें कुछ संगठनों की मदद से अधिकारियों द्वारा भोजन मुहैया कराया जा रहा है। चावड़ा ने कहा, “ कुछ मजदूर मांग कर रहे थे कि भोजन उनके घरों के पास मुहैया कराया जाये। इन मजदूरों ने भोजन स्वादहीन होने की भी शिकायत की।
आखिरकार पुलिस ने समय रहते समस्या हल कर इन मजदूरों को तितर-बितर कर दिया।” मंगलवार को लॉकडाउन बढ़ने के घंटों बाद वराछा क्षेत्र में सैंकड़ों मजदूर अपने-अपने गृह नगर जाने की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए थे। हाल में प्रवासी मजदूरों ने शहर के लस्काना क्षेत्र में किसी छोटी सी बात को लेकर पथराव और आगजनी का प्रयास भी किया था।