ओडिशा में कांग्रेस भवन पर 12 घंटे के भीतर दो बार हमला
By भाषा | Published: October 13, 2021 10:45 PM2021-10-13T22:45:21+5:302021-10-13T22:45:21+5:30
भुवनेश्वर, 13 अक्टूबर ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर बुधवार को 12 घंटे के दौरान उपद्रवियों के अलग-अलग समूहों ने दो बार हमला किया।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति ने इस बारे में अब तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई है जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि ये हमले पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा ही किये गये। राजनीतिक क्षेत्र के कई लोगों ने दावा किया कि ये हमले कांग्रेस में अंदरूनी तकरार का नतीजा है।
करीब आठ उपद्रवियों ने बुधवार सुबह कांग्रेस भवन के भीतर स्थित युवा इकाई के कार्यालय पर हमला किया जबकि बाद में एक अन्य समूह ने प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख और और महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नेम प्लेट निकाल दी और खिड़कियों के कांच तोड़ दिये तथा फर्नीचर में भी तोड़फोड़ की।
युवा कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि इस घटना में किसी बाहरी के शामिल होने के बारे में वह कुछ निश्चित नहीं कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुबह के वक्त जो घटना हुई, संभवत: उसे युवा इकाई के कुछ असंतुष्ट सदस्यों ने अंजाम दिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।