जिसने महिला का अपमान किया उसके वंश का अपमान: शिवराज सिंह चौहान

By मुकेश मिश्रा | Published: October 19, 2020 10:21 PM2020-10-19T22:21:23+5:302020-10-19T22:21:23+5:30

"कमलनाथ को यह अधिकार नहीं है कि वे प्रदेश की माताओं-बहनों और बेटियों को अपशब्द कहें, उनका अपमान करें।"

CM Shivraj Singh Chauhan talk about woman | जिसने महिला का अपमान किया उसके वंश का अपमान: शिवराज सिंह चौहान

जिसने महिला का अपमान किया उसके वंश का अपमान: शिवराज सिंह चौहान

सांवेर के पाले कांकरिया में आम सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस समय नवरात्रि चल रही है और हम सब मां की साधना-उपासना कर रहे हैं, लेकिन श्री कमलनाथ प्रदेश की एक सम्मानीय महिला जो उनकी कैबिनेट में भी मंत्री रही थीं और अब भाजपा सरकार में मंत्री है उनका अपमान कर रहे हैं। कमलनाथ को यह अधिकार नहीं है कि वे प्रदेश की माताओं-बहनों और बेटियों को अपशब्द कहें, उनका अपमान करें।

उन्होंने कहा कि आज मैंने एवं हमारी पार्टी के नेताओं ने मौन व्रत रखा, ताकि कमलनाथ और कांग्रेस को कुछ सद्बुद्धि आ जाए, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। कमलनाथ की  सोच ही महिला विरोधी है, इसीलिए तो उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 51 हजार की राशि तो कर दी लेकिन एक भी बेटी को यह राशि नहीं दी। बेटियों की पढ़ाई के लिए चलाई जा रही भाजपा सरकार की योजना को भी बंद कर दिया था। वे सेठ है, लेकिन हम तो नालायक ही अच्छे।

कमलनाथ अपनी ही कैबिनेट में मंत्री रहीं इमरती देवी का नाम याद नहीं रख पा रहे हैं। वे उनको अपशब्द कहकर संबोधित कर रहे हैं और उसका भी उनको कोई अफसोस नहीं है। कमलनाथ को नेता ही नहीं नेता प्रतिपक्ष रहने का भी अधिकार नहीं है। कांग्रेस की तो विचारधारा ही महिला विरोध है। 

हम प्रदेश की जनता को सस्ती दर पर अनाज उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन उन्होंने तो 15 माह में गरीबों से उनका हक ही छीन लिया। हम प्रदेश का विकास कर रहे हैं, लेकिन वे सेठ हैं, उद्योगपति हैं उन्होंने तो सिर्फ खुद का विकास किया है। प्रदेश की जनता से उनको कोई लेना-देना नहीं।

 शिवराज सिंह ने कहा कि मैं तो जैत गांव के एक कच्चे मकान में पैदा हुआ हूं, लेकिन वे कहां से आए कानपुर से या कलकत्ता से, जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कभी गांव नहीं देखे, गरीब, किसानों की पीढ़ा नहीं देखी वे क्या उनके बारे में सोचेंगे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 में हमारी कुछ सीटें कम आईं, लेकिन हमने जोड़-जुगाड़ पर भरोसा नहीं किया और कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए फ्री कर दिया। कांग्रेस ने कमलनाथ को मुख्यमंत्री बना दिया, लेकिन उनके पापों का घड़ा सवा साल में ही भर गया और इस घडे़ को श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मिलकर साथी विधायकों ने फोड़ दिया।

अब कमलनाथ विचलित हैं कि ये गरीब किसान का बेटा चौथी बार भी मुख्यमंत्री बन गया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ कहते हैं कि शिवराज सिंह तो नारियल लेकर चलता है। अब विकास के लिए नारियल फोड़ते हैं तो यह भी कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा है। उनकी तो किस्मत ही फूटी हुई थी, वे नारियल क्या फोड़ते? उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार 15 माह नहीं रही तो किसानों के खातों में पैसा आना ही बंद हो गया था, लेकिन अब फिर से किसानों के खातों में पैसा आता रहेगा।

श्री चौहान ने कहा कि मेरी नजर जब झुकती है और हाथ जब आगे बढ़ते हैं तो वह हमारी माताओं-बहनों के चरण छूने के लिए आगे बढ़ते हैं। हम माता की पूजा करते हैं और बहनों को सम्मान देते हैं, उनको सम्मान की नजर से देखते हैं, लेकिन ये कमलनाथ उनको अपशब्द बोलकर उनका अपमान करते हैं। 

क्या राजनीति के कीचड़ में उनकी मर्यादाओं एवं सम्मान को फेंक दिया जाएगा? क्या इमरती देवी कांग्रेस के साथ नहीं है, इसलिए उनको अपमानित किया जाएगा? महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर नहीं सहेंगे। उन्होंने कहा कि रावण ने भी माता सीता का अपमान किया था तो उसका हश्र क्या हुआ सबको पता है। महाभारत में दुशासन और दुर्योधन ने द्रोपदी का अपमान किया था तो कौरवों के वंश का ही नाश हो गया था।

Web Title: CM Shivraj Singh Chauhan talk about woman

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे