बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अमीर हैं उनके पुत्र निशांत, जानिए उनकी कुल संपत्ति
By एस पी सिन्हा | Published: January 1, 2022 04:49 PM2022-01-01T16:49:11+5:302022-01-01T16:56:47+5:30
मुख्यमंत्री ने संपत्ति कि जो जानकारी सार्वजनिक की है, उसके मुताबिक उनके पास कुल संपत्ति 75 लाख 36 हजार 626 रुपये की है। हालांकि उनके बेटे निशांत के पास तीन करोड़ 62 लाख से ज्यादा की संपत्ति है।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सभी मंत्रियों ने अपने-अपने संपत्ति का ब्योरा शुक्रवार की रात जारी कर दिया है। नीतीश कैबिनेट के अंदर कई चेहरे ऐसे हैं, जिनके पास से दस करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, राज्य की परिवहन मंत्री सहित कुछ और मंत्रियों के पास अपनी गाडी तक नहीं है, जबकि कई ऐसे मंत्री हैं, जो कर्ज तले दबे हुए हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अधिक संपत्ति उनके बेटे निशांत कुमार के पास है। मुख्यमंत्री ने अपनी संपत्ति में एक सिलाई मशीन का भी जिक्र किया है। मुख्यमंत्री ने संपत्ति कि जो जानकारी सार्वजनिक की है, उसके मुताबिक उनके पास कुल संपत्ति 75 लाख 36 हजार 626 रुपये की है। हालांकि उनके बेटे निशांत के पास तीन करोड़ 62 लाख से ज्यादा की संपत्ति है।
इस तरह से पिता की तुलना में 2 करोड़ 87 लाख 12 हजार 410 रुपये की ज्यादा संपत्ति उनके पुत्र निशांत के पास है। बताया गया कि ऐसा निशांत के पैतृक संपत्ति के कारण है। घोषित जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के पास 16,51,626 रुपए की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति 58,85,000 रुपए की है। उनके नाम पर संसद विहार को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग कॉलोनी (द्वारका, दिल्ली) में एक फ्लैट है।
उनके पास 13 गाय, उसके 9 बच्चे हैं। 13 हजार रुपए की एक्सरसाइज साइकिल है। उनके संपत्ति के ब्योरे में चाराकल, माइक्रोवेव ओवन, ओटीजी, वॉशिंग मशीन के दाम भी दर्ज हैं। निशांत की चल संपत्ति 1,63,79,422 रुपए तथा अचल संपत्ति 1,98,69,614 रुपये की है। नीतीश कुमार के पास 29,385 रुपए नकदी है, तो निशांत के पास 16,549 रुपए।
इस तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चल-अचल संपत्ति की कीमत साल भर में 57 लाख रुपये से बढ़कर करीब 75 लाख रुपये हो गई है। मुख्यमंत्री ने विधान परिषद से एक लाख रुपये का एक लैपटॉप ले रखा है। नीतीश कुमार इस वर्ष भी 2015 मॉडल की फॉर्ड इको सपोर्ट कार की ही सवारी कर रहे है, जिसकी वर्तमान कीमत 11 लाख 32 हजार 753 है।
बेटे के नाम पर हुंडई ग्रैंड आइ-10 अस्टा मॉडल की गाड़ी है। इसकी मौजूदा कीमत छह लाख 40 हजार 789 है। मुख्यमंत्री 94 हजार 600 रुपये मूल्य की दो सोने और एक चांदी की अंगूठ पहनते है। वहीं, संपत्ति के मामले में सबसे ऊपरी पायदान पर जो मंत्री खडे हैं, उनमें संजय कुमार झा, मुकेश सहनी, रामसूरत राय, सम्राट चौधरी जैसे नाम शामिल है।
मंत्री राम सूरत कुमार की संपत्ति में करीब एक करोड़ की वृद्धि हुई। मुख्यमंत्री के बाद उनके उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के पास कुल संपत्ति 2.28 करोड़ की है। जबकि उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के पास चल संपत्ति 42.26 लाख की है। रेणु देवी के पास 25,000,00 रुपए के गहने के अलावे एक पिस्तौल और एक राइफल भी है।
नीतीश कैबिनेट में शामिल मंत्रियों में सबसे कम संपत्ति अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जामा खान के पास है। उनके पास केवल 62.17 लाख रुपए की संपत्ति है। कम संपत्ति के मामले में जमा खान से ऊपर समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी है। मदन सहनी के पास 82.5 चार लाख की कुल संपत्ति है जबकि पीएचईडी मंत्री रामप्रीत पासवान के पास 1.2 करोड़ और रुपए की संपत्ति है।
पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद के पास 1.62 करोड़ रुपए की संपत्ति है। ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज के पास 1.2 करोड़ रुपए की संपत्ति है। पर्यावरण एवं वन मंत्री नीरज कुमार बबलू के 12.24 करोड़ की संपत्ति है। नीतीश कैबिनेट के सबसे पुराने मंत्रियों में शामिल विजेंद्र यादव के पास 2.2 एक करोड़ की संपत्ति है। पहली बार कैबिनेट में शामिल होने वाली परिवहन मंत्री शीला कुमारी के पास 6.10 करोड़ की संपत्ति है।
जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन के पास 3.5 करोड़ रुपए की संपत्ति है। श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार के पास 3.64 करोड़ की संपत्ति है मंत्री सुनील कुमार के पास 4.82 करोड़ की संपत्ति है। कला संस्कृति एवं युवा मामलों के मंत्री आलोक रंजन के पास 3.74 करोड़ की संपत्ति है। खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह के पास 2.61 करोड़ की संपत्ति है। मंत्री प्रमोद कुमार के पास से 4.94 करोड़ की संपत्ति है। खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम के पास 3.16 करोड़ की संपत्ति है।
उसी तरह से मंत्री सुमित सिंह के पास 4.47 करोड़ की संपत्ति है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के पास 2.2 करोड़ रुपए की संपत्ति है। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह के पास 2.5 करोड़ रुपए की संपत्ति है। भवन निर्माण मंत्री डॉ अशोक चौधरी के पास 3.37 करोड़ की संपत्ति है। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन के पास 4.83 करोड़ की संपत्ति है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास 3.22 करोड़ की संपत्ति है। शिक्षा मंत्री विजय चौधरी के पास 2.7 करोड़ की संपत्ति है। वहीं, संजय कुमार झा के पास अपनी पत्नी की संपत्ति जोड़कर कुल 14.78 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास 8.35 करोड़ की चल संपत्ति और 6.42 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसके अलावे मंत्री रामसूरत राय के पास एक 11.34 करोड़ की संपत्ति है।
मंत्री मुकेश सहनी के पास 11.55 करोड़ की संपत्ति है, जिसमें अचल संपत्ति 9.73 करोड़ की है। मुकेश सहनी के पास एक कट्ठा जमीन भी खेती के लिए नहीं है। इसके साथ ही बिहार सरकार के कई मंत्री हथियार रखने के शौकीन हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन, लेसी सिंह और नारायण प्रसाद जैसे मंत्रियों ने अपने हलफनामे में अपने हथियारों का ब्योरा दिया है। प्रदेश सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन रायफल- रिवाल्वर से लेकर ट्रेडमिल तक के शौकीन हैं।