CM अशोक गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर की जयपुर में पहली अंडरग्राउंड मेट्रो रेल की शुरुआत, 26 मिनट में तय होगा 11.3 किमी का सफर
By धीरेंद्र जैन | Published: September 23, 2020 08:56 PM2020-09-23T20:56:21+5:302020-09-23T20:56:21+5:30
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और यह भी उल्लेखनीय है कि जहां भूमिगत मेट्रो का कार्य चल रहा था, वह हेरिटेज के साथ ही जयपुर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है।
जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज हरी झंडी दिखाने के साथ ही 7 साल की लम्बी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार जयपुर वासियों को प्रदेश की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो की सौगात मिल गई। मुख्यमंत्री निवास से वीसी के जरिये मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो को बड़ी चैपड़ से मानसरोवर के लिए रवाना किया।
अपने संबोधन से पूर्व मुख्यमंत्री ने मेट्रो की पायलट शैफाली से अपने विचार रखने को कहा। महिला पायलट ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे सबसे पहले भूमिगत मेट्रो चलाने का मौका मिला है। मुख्यमंत्री ने शैफाली का उत्साह बढाते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि इस काम का शुभारंभ एक महिला के हाथों हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और यह भी उल्लेखनीय है कि जहां भूमिगत मेट्रो का कार्य चल रहा था, वह हेरिटेज के साथ ही जयपुर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है। यहां पर मकानों और दुकानों को क्षति पहुंचाए बिना कार्य को पूर्ण किया जाना एक चुनौती था और बिना किसी हादसे अथवा जन-धन की क्षति के बिना इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूर्ण किया जाना प्रशंसनीय है।उन्होंने कहा कि हम सीतापुरा से अंबाबाड़ी तक का 22 किमी का सेकंड फेज का काम भी शुरू करेंगे। इसमें एयरपोर्ट भी जुड़ जाएगा।
जल्दी ही मानसरोवर को दूसरे इलाकों से जोड़ा जाएगा। यह हमारी प्रायोरिटी में है लेकिन कोरोना के कारण इसमें विलंब हो रहा है। पर्यटकों सहित लाखों लोग जयपुर आते हैं अब उन्होंने यात्रा करने में आसानी होगी।यूडीएच मंत्री ने कहा कि मेट्रो में स्मार्ट कार्ड से ही एंट्री होगी। कार्ड 100 रुपए में हर मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध है। इसमें से 50 रुपए सिक्यूरिटी राशि होगी और 50 रु की यात्रा कर सकेंगे। इसके बाद इसे मेट्रो वेबसाइट, डेबिट, क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करा सकते हैं। कार्ड की वैधता 10 साल की है।
एक कार्ड से परिवार का कोई भी सदस्य यात्रा कर सकता है। कार्ड खरीदने के लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है। बड़ी चैपड़ से मानसरोवर के बीच मेट्रो की दूरी 11.3 किमी है। इस दूरी को तय करने में मेट्रो को 26 मिनट लगेंगे। चांदपोल से बड़ी चैपड़ के बीच मेट्रो का किराया सिर्फ 6 रुपए होगा, जबकि चांदपोल से बड़ी चैपड़ के लिए ई रिक्शा 10 रुपए लेते हैं। वहीं अगर चांदपोल से छोटी चैपड़ जाएंगे तो भी 6 रुपए ही लगेगा। बड़ी चैपड़ से मानसरोवर जाएंगे तो 22 रुपए और चांदपोल से मानसरोवर का 18 रुपए किराया होगा।