प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित विजय कुमार किचलू का निधन, ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 18, 2023 07:19 AM2023-02-18T07:19:45+5:302023-02-18T07:22:46+5:30
अस्पताल ने बताया कि पंडित किचलू को पिछले महीने दिल का दौरा पड़ने के बाद भर्ती कराया गया था और दो सप्ताह से वह उपचाराधीन थे।
कोलकाताः प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित विजय कुमार किचलू का शुक्रवार शाम सांस लेने में तकलीफ के बाद कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किचलू 93 वर्ष के थे।
अस्पताल ने बयान में कहा, ‘‘पंडित किचलू को सांस लेने में तकलीफ होने की स्थिति में अस्पताल लाया गया था। इलाज शुरू होने से पहले ही उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। इसके बाद शाम लगभग 6.20 बजे उनका निधन हो गया।’’ वह लंबे समय से हृदय संबंधी समस्याओं और अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।
अस्पताल ने बताया कि पंडित किचलू को पिछले महीने दिल का दौरा पड़ने के बाद भर्ती कराया गया था और दो सप्ताह से वह उपचाराधीन थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पंडित किचलू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।