प्रधानमंत्री आवास को लेकर पलामू में संघर्ष, सात व्यक्ति घायल
By भाषा | Published: June 12, 2021 12:43 AM2021-06-12T00:43:54+5:302021-06-12T00:43:54+5:30
मेदिनीनगर, 11 जून पलामू जिले में शुक्रवार को पिपरा थानाक्षेत्र के बलहा विशुनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकान को लेकर भाई-भाई में धारदार हथियारों से संघर्ष हो गया जिसमें दोनों पक्षों सात व्यक्ति घायल हो गए जिनमें छह की हालत गंभीर बतायी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर सभी को मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यहां घायलों को भर्ती करने के पूर्व उनका हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक इलाज किया गया।
पुलिस ने बताया कि संघर्ष में दोनों पक्षों में जम कर लाठी और टांगी का प्रयोग किया गया। पुलिस के अनुसार बलहा विशुनपुर में नागदेव यादव के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुई, नागदेव के दो पुत्र विजय यादव और संजय यादव हैं।
पुलिस ने बताया कि बड़े पुत्र विजय ने अपने पिता से प्रधानमंत्री आवास के तहत दोनों भाइयों के हिसाब से एक-एक कमरा बनाने के लिए आग्रह किया लेकिन पिता ने संजय के लिए ही आवास योजना पूर्ण करने की बात कही जिससे विवाद बढ़ गया और इसने मारपीट का रूप धारण कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मारपीट में विजय यादव, उसकी पत्नी गीता देवी, पुत्री गुड्डी कुमारी और पूजा कुमारी, जबकि दूसरे पक्ष से संजय यादव, उसकी पत्नी अनिता देवी और पुत्र मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।