हिमाचलः भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, वाहनों की लग गई लंबी कतारें
By वैशाली कुमारी | Published: July 19, 2021 06:40 PM2021-07-19T18:40:51+5:302021-07-19T18:40:51+5:30
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह के पास बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन के कारण चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। जिसके कारण इस मार्ग पर लंबा जाम लग गया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह के पास बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन के कारण चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। जिसके कारण इस मार्ग पर लंबा जाम लग गया है। मंडी और कुल्लू वाया कटौला के बीच का वैकल्पिक मार्ग भी भूस्खलन की वजह से बंद है।
जिले में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है जिसके चलते कई इलाकों से भूस्खलन की खबरें भी सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले 6-7 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कांगड़ा सहित राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
हिमाचल प्रदेश मौसम कार्यालय ने शनिवार को मैदानी, निचली पहाड़ियों और मध्य पहाड़ियों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया था। वहीं 18 से 20 जुलाई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पिछले हफ्ते धर्मशाला में बादल फटने के कारण मैक्लोडगंज के भागसू क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई थी, जिससे संपत्तियों को काफी नुकसान हुआ था। मौजूदा हालात को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह धर्मशाला के हालातों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और हिमाचल प्रदेश सरकार को हर मुमकिन मदद पहुंचाई जाएगी।
प्रधान मंत्री ने कहा, 'हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण हुई स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारी राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। मैं प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।'
मौसम केंद्र ने कहा कि शाहपुर में 35 मिमी, मालन में 29 मिलियन, गुलेर और बार्थिन में 12-12 मिमी, और पिडाना, डलहौजी और टिसो में 10 मिमी बारिश हुई।