कर्नाटक में विधायकों की खरीदफरोख्त के आरोप पर नड्डा ने कहा- राहुल गांधी ने इस्तीफा दिया, अब लोग ऐसा कर रहे

By भाषा | Published: July 14, 2019 04:42 PM2019-07-14T16:42:48+5:302019-07-14T16:45:28+5:30

नड्डा से जब यह पूछा गया कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन का आरोप है कि भाजपा के कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने 20-20 करोड़ रुपये देकर विधायकों को तोड़ा है और पार्टी इस पर मौन है, तो उन्होंने दो टूक कहा, ‘‘यह आरोप निराधार है। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया और सभी लोग अब इस्तीफा दे रहे हैं।’’

Cases of MLAs procurement in Karnataka factually incorrect, its Congress internal problem: JP Nadda | कर्नाटक में विधायकों की खरीदफरोख्त के आरोप पर नड्डा ने कहा- राहुल गांधी ने इस्तीफा दिया, अब लोग ऐसा कर रहे

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा। (फाइल फोटो)

कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों की खरीद फरोख्त कर राज्य की सरकार को अस्थिर करने के कांग्रेस जद (एस) के आरोपों को खारिज करते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को कहा कि यह कांग्रेस की अंदरूनी समस्या है जो राहुल गांधी के इस्तीफे से प्रारंभ हुई है । भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद अपनी पहली झारखंड यात्रा के दौरान यहां संवाददाता सम्मेलन में नड्डा ने यह बयान दिया।

नड्डा से जब यह पूछा गया कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन का आरोप है कि भाजपा के कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने 20-20 करोड़ रुपये देकर विधायकों को तोड़ा है और पार्टी इस पर मौन है, तो उन्होंने दो टूक कहा, ‘‘यह आरोप निराधार है। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया और सभी लोग अब इस्तीफा दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लोग इस्तीफा दे रहे हैं यह उनका आंतरिक मामला है। यह अवश्य है कि जो लोग इस्तीफा दे रहे हैं उनका विषय सर्वोच्च न्यायालय में देखा जा रहा है। इसका क्या परिणाम होगा, यह वह जानें और उनका विषय जानें। भारतीय जनता पार्टी इसमें बिलकुल स्पष्ट है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या गोवा में कांग्रेस के विधायकों को अलग ग्रुप बनाकर भाजपा में शामिल कराना कांग्रेस-मुक्त भारत बनाने के प्रयास के लिए उठाया गया कदम है, नड्डा ने कहा, ‘‘कांग्रेस मुक्त भारत का मतलब है कांग्रेस की संस्कृति का अंत। कांग्रेस और कमीशन, कांग्रेस और भ्रष्टाचार, कांग्रेस की स्वार्थ नीति यह सब पर्यायवाची हैं। इस संस्कृति से देश को मुक्ति दिलाना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप देखेंगे कि भारत में मोदी जी के नेतृत्व में एक नयी संस्कृति आयी है जिसको जनता ने शाबाशी दी है और उसका समर्थन किया है। वोट बैंक की राजनीति, जातिवाद की राजनीति, वंशवाद की राजनीति को लोगों ने नकारा है और विकासवाद की राजनीति को अपनाया है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वव्यापी है सर्वग्राही है। सभी क्षेत्रों के लोगों का पार्टी में स्वागत है। बस आवश्यक यह है कि वह समाज में योगदान देने के लिए तैयार हों। देश में अनेक स्थानों पर भीड़ द्वारा हत्या किये जाने की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर नड्डा ने कहा, ‘‘जो भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। देश के सभी हिस्सों में जहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं वहां कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा तो सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की राजनीति में भरोसा करती है अतः वह सर्वसमावेशी राजनीति के रास्ते पर देश के विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

Web Title: Cases of MLAs procurement in Karnataka factually incorrect, its Congress internal problem: JP Nadda

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे