By-election results: बिहार और असम में एनडीए, बंगाल में टीएमसी, राजस्थान और हिमाचल में कांग्रेस, जयराम ठाकुर को झटका, बंगाल में बीजेपी बेहाल

By सतीश कुमार सिंह | Published: November 2, 2021 10:19 PM2021-11-02T22:19:28+5:302021-11-02T22:35:23+5:30

By-election results: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले की देगलूर (सुरक्षित) सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार जितेश रावसाहेब अंतापुरकर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुभाष पिराजीराव सब्ने को 41,917 मतों के अंतर से हराया।

By-election results 13 state 3 lokshabha 29 vidhan shabha nda bihar Assam TMC in Bengal, Congress in Rajasthan and Himachal | By-election results: बिहार और असम में एनडीए, बंगाल में टीएमसी, राजस्थान और हिमाचल में कांग्रेस, जयराम ठाकुर को झटका, बंगाल में बीजेपी बेहाल

इन 29 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास पहले करीब आधा दर्जन सीटें थीं। (file photo)

Highlightsअंतापुरकर को कुल 1,08,840 जबकि शिवसेना के पूर्व नेता सब्ने को 66,907 मत मिले।वंचित बहुजन आघाड़ी के उम्मीदवार उत्तम रामराव इंगोले को 11,348 मत मिले।कांग्रेस के पास नौ सीटें और बाकी क्षेत्रीय पार्टियों के पास थीं।

नई दिल्लीः देश के 13 राज्य, 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। 30 अक्टूबर को वोट पड़े थे। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच था। राजस्थान में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव परिणाम मुख्य विपक्षी दल भाजपा के लिए अच्छे नहीं रहे। पार्टी ने इन चुनाव में न केवल एक सीट गंवाई बल्कि वह वल्लभनगर सीट पर तो चौथे स्थान खिसक गयी।

विधानसभा उपचुनाव असम की पांच, पश्चिम बंगाल की चार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मेघालय की तीन-तीन, बिहार, कर्नाटक और राजस्थान की दो-दो और आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट के लिए मतदान हुआ था। इन 29 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास पहले करीब आधा दर्जन सीटें थीं, वहीं कांग्रेस के पास नौ सीटें और बाकी क्षेत्रीय पार्टियों के पास थीं।

तृणमूल ने भाजपा से उसकी दोनों सीटें भी छीन लीं

पश्चिम बंगाल और असम में सत्तारूढ़ क्रमश: तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन राजग ने विधानसभा उपचुनावों में मंगलवार को शानदार जीत हासिल करते हुए विपक्ष को करारी मात दी। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस ने 30 अक्टूबर को हुए उपचुनावों के लिये मंगलवार को हुई मतगणना में अपने प्रतिद्वंद्वियों को रिकॉर्ड अंतर से हराते हुए राज्य की सभी चार सीटें अपनी झोली में डाल लीं। तृणमूल ने भाजपा से उसकी दोनों सीटें भी छीन लीं।

करिश्माई हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राजग ने पड़ोसी असम में शानदार प्रदर्शन किया और अपने सहयोगी यूपीपीएल के साथ सभी पांच सीटों पर कब्जा कर लिया। भाजपा तीन सीटों पर विजयी रही, वहीं दो विधानसभा सीटें उसकी सहयोगी यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के खाते में गईं।

भाजपा के फणीधर तालुकदार ने भबानीपुर सीट से, रूपज्योति कुर्मी ने मरियानी सीट से और सुशांत बरगोहाइ ने थोवरा सीट से जीत दर्ज की। यूपीपीएल ने गोसाइगांव और तमुलपुर सीट पर जीत दर्ज की। सरमा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज की जीत विनम्र और आश्वस्त करने वाली है तथा हम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी की दृष्टि के अनुसार विकास के मार्ग को जारी रखने का वादा करते हैं। लोगों और हमारे कार्यकर्ता को मेरा आभार।’’

कुशेश्वर स्थान और तारापुर पर अपना कब्जा बरकरार रखा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जद (यू) ने दोनों विधानसभा सीटों- कुशेश्वर स्थान और तारापुर पर अपना कब्जा बरकरार रखा। तारापुर में जद (यू) उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने राजद के अरुण कुमार साह को करीब 4,000 मतों से हराया। सत्तारूढ़ जद (यू) ने कुशेश्वर स्थान सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और उसने लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को 12,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) नीत मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) को तीनों विधानसभा सीटों पर जीत मिली।

नेशनल पीपुल्स पार्टी ने कांग्रेस से राजबाला और मावरेंगकेंग विधानसभा सीटें छीन ली। वहीं, एमडीए सरकार में सहयोगी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को मावफलांग सीट पर जीत हासिल हुई। मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने ट्विटर पर कहा कि उनके उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कर लोगों ने अपनी पसंद जाहिर कर दी। उन्होंने इसे जनता की जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि लोग उनकी सरकार के विकास कार्यों से अवगत हैं और आज का परिणाम यह बताता है कि लोग विकास चाहते हैं।

कांग्रेस ने यह सीट भाजपा से छीन ली

राजस्थान की वल्लभनगर (उदयपुर) व धरियावद (प्रतापगढ़) विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए हुए मतदान की गिनती मंगलवार को हुई। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने दोनों ही सीटें बड़े अंतर से जीती । धरियावद सीट का सवाल है तो यहां भाजपा तीसरे स्थान पर रही। यहां कांग्रेस के नगराज मीणा जीते जिन्हें 69819 (39.16 प्रतिशत) वोट मिले। वहीं निर्दलीय थावरचंद को 51094 (28.66 प्रतिशत) व भाजपा के खेत सिंह को 46487 (26.08 प्रतिशत) वोट मिले। कांग्रेस ने यह सीट भाजपा से छीन ली है और साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में धरियावद सीट भाजपा के गौतम लाल मीणा ने जीती थी।

वल्लभनगर में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला 21433 (11.71 प्रतिशत) मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। इस सीट पर कांग्रेस की प्रीति सिंह शक्तावत ने 65713 (35.9 प्रतिशत) मतों के साथ जीत दर्ज की। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उदयलाल डांगी दूसरे स्थान पर रहे जिन्हें 45107 (24.65 प्रतिशत) वोट मिले। निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ने वाले भाजपा के पूर्व विधायक और जनता सेना के प्रमुख रणधीर सिंह भिंडर को 43817 (23.94 प्रतिशत) मत मिले।

भाजपा ने खंडवा लोकसभा, दो विधानसभा सीटें जीतीं, कांग्रेस रैगांव सीट पर विजयी

मध्य प्रदेश में चार सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने खंडवा लोकसभा एवं दो विधानसभा सीटें जोबट एवं पृथ्वीपुर जीती हैं, जबकि कांग्रेस रैगांव विधानसभा सीट पर विजयी रही। इस जीत के साथ सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी खंडवा लोकसभा सीट बरकरार रखी जबकि जोबट (एसटी) एवं पृथ्वीपुर विधानसभा सीटें मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से छीन ली हैं।

वहीं, कांग्रेस ने रैगांव (एससी) विधानसभा सीट भाजपा से छीनी है। इस प्रकार, भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ही दल अपनी-अपनी विधानसभा सीटें बरकरार रखने में कामयाब नहीं रहे। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था और मंगलवार को मतगणना हुई। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि खंडवा लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार राजनारायण सिंह पूर्णी को 82,140 मतों के अंतर से हराया।

उन्होंने कहा कि पाटिल को 6,32,455 मत मिले जबकि पूर्णी ने 5,50,315 मत हासिल किये। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी है। हालांकि, जीत का अंतर पिछले लोकसभा चुनाव से काफी कम हो गया है। वर्ष 2019 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार नंदकुमार सिंह चौहान ने इस सीट को 2,73,343 मतों से जीता था, जिनके निधन के चलते खंडवा सीट पर उपचुनाव हुआ है। इस प्रकार पाटिल ने चौहान के मुकाबले 1,91,203 कम मतों से यह जीत हासिल की है। खंडवा लोकसभा सीट भाजपा का गढ़ माना जाता है और नंदकुमार सिंह चौहान इस सीट से छह बार सांसद रहे। वह वर्ष 1996, 1998, 1999, 2004, 2014 एवं 2019 में इस सीट से सांसद रहे और निमाड़ क्षेत्र के भाजपा के जाने माने नेता थे।

इस सीट पर भाजपा ने दिवंगत सांसद चौहान के पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान को टिकट देने से इंकार करते हुए जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल को चुनाव मैदान में उतारा था। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा सीट पर भाजपा की प्रत्याशी सुलोचना रावत ने कांग्रेस के उम्मीदवार महेश पटेल को 6,104 मतों के अंतर से हराया। रावत को 68,949 जबकि पटेल को 62,845 वोट मिले। भाजपा ने यह सीट कांग्रेस से छीनी है। रावत हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुई थीं।

वह दो बार कांग्रेस की टिकट पर 1998 एवं 2008 में भी इस सीट से विधायक रह चुकी हैं। कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया के निधन से यहां उपचुनाव करना पड़ा। पृथ्वीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार शिशुपाल यादव ने कांग्रेस के उम्मीदवार नितेंद्र सिंह राठौर को 15,687 मतों के अंतर से हराया। यादव को 82,673 मत मिले जबकि राठौर 66,986 मत हासिल कर सके। यादव हाल ही में समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। कांग्रेस विधायक ब्रजेंद्र सिंह राठौर के निधन के कारण ये सीट रिक्त हुई थी।

कांग्रेस ने ब्रजेंद्र के पुत्र नितेंद्र को यहां से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह कांग्रेस की इस सीट को बरकरार रखने में नाकामयाब रहे। वहीं, सतना जिले के रैगांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की प्रतिमा बागरी को 12,290 मतों के अंतर से हराया है। वर्मा को 72,989 जबकि बागरी को 60,699 वोट मिले। भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी के निधन के कारण यहां उपचुनाव करना पड़ा। भाजपा ने जुगल किशोर बागरी की बहू प्रतिमा को अपना उम्मीदवार बनाया था। 

आंध्र प्रदेश उपचुनाव : वाईएसआरसी ने बाडवेल विधानसभा सीट बरकरार रखी

आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस मंगलवार को बाडवेल (अनुसूचित जाति) विधानसभा सीट बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की है। वाईएसआर कांग्रेस (युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस) की उम्मीदवार ने एकतरफा मुकाबले में 90,089 के रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

वाईएसआर कांग्रेस की दसारी सुधा ने इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के पनातला सुरेश को हराया। इस उपचुनाव के लिए 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। सुधा को मंगलवार को हुई मतगणना में 1,11,710 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को केवल 21,621 मत मिले। 

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव : कांग्रेस ने तीनों विधानसभा सीटों, मंडी लोकसभा सीट पर जीत हासिल की

हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए विपक्षी दल कांग्रेस ने तीनों विधानसभा सीटों फतेहपुर, अर्की और जुबल-कोटखाई और मंडी लोकसभा सीट पर जीत हासिल कर ली है। उपचुनाव के परिणाम के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पार्टी आत्मावलोकन करेगी।

गौरतलब है कि चारों सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 अक्टूबर को हुआ था। कभी भारतीय जनता पार्टी के हिस्से में रही मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और करगिल युद्ध के अनुभवी सैनिक भाजपा प्रत्याशी कौशल ठाकुर को 7,490 वोटों के अंतर से हराया। मंडी मुख्यमंत्री ठाकुर का गृह जिला है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम किया है और पार्टी इसके लिए आत्मावलोकन करेगी।

दादरा और नगर हवेली उपचुनाव में शिवसेना को मिली जीत

शिवसेना उम्मीदवार कलाबेन डेलकर ने दादरा और नगर हवेली लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 51,269 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पूर्व निर्दलीय सांसद मोहन डेलकर के निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। उनकी पत्नी कलाबेन डेलकर (50) को उपचुनाव में 1,18,035 मत प्राप्त हुए।

कलाबेन के निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के महेश गावित को 66,766 मत हासिल हुए। कांग्रेस के उम्मीदवार महेश धोड़ी को 6,150 वोट मिले। महाराष्ट्र सरकार में कांग्रेस और शिवसेना सहयोगी दल हैं लेकिन इन्होंने उपचुनाव अकेले लड़ा। अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित संसदीय सीट पर 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था और मंगलवार मतगणना तथा नतीजों की घोषणा हुई।

(इनपुट एजेंसी)

Web Title: By-election results 13 state 3 lokshabha 29 vidhan shabha nda bihar Assam TMC in Bengal, Congress in Rajasthan and Himachal

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे