तृणमूल के सर्वे में भी भाजपा जीत रही है : प्रशांत किशोर ने कथित ऑडियो क्लिप में कहा

By भाषा | Published: April 10, 2021 11:16 PM2021-04-10T23:16:59+5:302021-04-10T23:16:59+5:30

BJP is winning in Trinamool survey too: Prashant Kishore said in the alleged audio clip | तृणमूल के सर्वे में भी भाजपा जीत रही है : प्रशांत किशोर ने कथित ऑडियो क्लिप में कहा

तृणमूल के सर्वे में भी भाजपा जीत रही है : प्रशांत किशोर ने कथित ऑडियो क्लिप में कहा

कोलकाता, 10 अप्रैल पश्चिम बंगाल में 44 विधानसभा सीटों के लिए चल रहे मतदान के बीच भाजपा द्वारा एक ऑडियो क्लिप जारी किए जाने के बाद शनिवार को नया विवाद पैदा हो गया है। इस ऑडियो क्लिप में तृणमूल कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर को कथित रूप से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘‘सत्तारूढ़ दल के आंतरिक सर्वेक्षण में भी भाजपा जीतती हुई दिख रही है।’’

कुछ पत्रकारों के साथ किशोर की बातचीत का अंश साझा करते हुए भाजपा के सूचना एवं प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है।

किशोर ने भाजपा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘क्लबहाउस’ पर पूरा चैट जारी करने की चुनौती दी है और दावा किया है कि वर्तमान विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी।

‘पीटीआई-भाषा’ इस कथित ऑडियो क्लिप का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं कर पाया है। इस क्लिप में किशोर को कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘‘मोदी बंगाल में बहुत लोकप्रिय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है। वह ममता बनर्जी जितने लोकप्रिय हैं।’’

उन्हें कथित रूप से यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि तृणमूल कांग्रेस से शुभेंदु अधिकारी का जाना और ममता बनर्जी को उनकी सलाह भी चुनाव परिणाम पर खास असर नहीं डाल सकती है।

मालवीय द्वारा ट्वीटर पर साझा किए गए ऑडियो क्लिप में किशोर कह रहे हैं, ‘‘राठेर, दलित और मतुआ समुदाय भाजपा के पक्ष में वोट डाल रहा है और यह महत्वपूर्ण कारक है। मतुआ समुदाय बड़े पैमाने पर भाजपा को वोट देगा, हालांकि यह 2019 की तरह नहीं होगा... इस बार समुदाय का 75 प्रतिशत वोट भाजपा और 25 फीसद तृणमूल को मिलेगा।’’

इसके अलावा किशोर ने यह भी कहा, ‘‘कुछ प्रतिशत ऐसे लोगों का भी है जो मोदी में भगवान देखते हैं। बंगाल में हिन्दी भाषी जनता मोदी के कोर समर्थक हैं। राज्य सरकार के खिलाफ भी लहर है।’’

ऑडियो क्लिप के अनुसारर, ‘‘हमने सर्वे किया है जो दिखाता है कि भाजपा सत्ता में आएगी। जमीनी स्तर पर उसका काडर मजबूत है.... मैंने कहा था कि 50-55 प्रतिशत हिन्दू भाजपा के वोट दे रहे हैं।’’

इस ऑडियो क्लिप से बंगाल में राजनीतिक तूफान आया हुआ है। एक ओर भाजपा का दावा है कि तृणमूल ने हार मान ली है, तो दूसरी और सत्तारूढ़ दल भगवा पार्टी पर लोगों को बहकाने का आरोप लगा रहा है।

ऑडियो क्लिप जारी करने के बाद मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी बंगाल में बहुत लोकप्रिय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है। देश भर में उनके प्रशंसक हैं। तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ लहर है, ध्रुवीकरण वास्तविकता है, अनुसूचित जाति का वोट भाजपा के पक्ष में है, ऐसा ममता बनर्जी के रणनीतिकार ने अपनी खुली बातचीत में कहा है।’’

उन्होंने लिखा है, ‘‘क्लब हाउस पर सार्वजनिक चैट के दौरान ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार ने माना कि तृणमूल के आंतरिक सर्वेक्षण के हिसाब से भी भाजपा जीत रही है। वोट मोदी के लिए है, ध्रुवीकरण सच्चाई है, अनुसूचित जाति (बंगाल की आबादी का 27 फीसद हिस्सा), मतुआ सभी भाजपा के लिए वोट डाल रहे हैं। भाजपा का काडर जमीनी स्तर पर मौजूद है।’’

किशोर ने भाजपा का मजाक बनाते हुए कहा कि भगवा पार्टी अपने नेताओं की बातों की जगह उनकी बातें ज्यादा गंभीरता से ले रही है।

किशोर ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे खुशी है कि भाजपा मेरी बातों को अपने नेताओं के मुकाबले ज्यादा गंभीरता से ले रही है। उन्हें हिम्मत दिखानी चाहिए और पूरा चैट साझा करना चाहिए, सिर्फ कुछ हिस्से का इस्तेमाल कर उत्साहित नहीं होना चाहिए।’’

किशोर ने कहा, ‘‘मैंने यह पहले भी कहा है और फिर कह रहा हूं.... भाजपा बंगाल में 100 का आंकड़ा पार नहीं करेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: BJP is winning in Trinamool survey too: Prashant Kishore said in the alleged audio clip

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे