नयी दिल्ली, 14 जनवरी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गाजीपुर कुक्कुट बाजार को खोलने का बृहस्पतिवार को निर्देश जारी किया। बाजार से लिए गए 100 नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं होने के बाद उन्होंने यह आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘बर्ड फ्लू के मद्देनजर मुर्गा बाजारों से लिए गए नमूनों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। कुक्कुट बाजार को खोलने और मुर्गा-मुर्गियों की खेप के आयात, कारोबार पर पाबंदी के आदेश को वापस ले लिया गया है।’’
इससे पहले दिन में, दिल्ली पशुपालन इकाई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मुर्गों के बीच बर्ड फ्लू का प्रसार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एशिया के सबसे बड़े गाजीपुर कुक्कुट बाजार से लिए गए सभी 100 नमूनों में बर्ड फ्लू नहीं होने की पुष्टि हुई है।
एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगमों ने दुकानों और रेस्तराओं के पोल्ट्री या प्रसंस्कृत 'चिकन' बेचने तथा रखने पर रोक लगा दी थी।
राष्ट्रीय राजधानी में कौवों और बत्तखों के नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के तीन दिन बाद ये परिणाम आए हैं। कौवों और बत्तखों के नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद दिल्ली सरकार ने सोमवार को शहर के बाहर से लाए जाने वाले प्रसंस्कृत एवं पैकेटबंद ‘चिकन’ की बिक्री पर रोक लगा दी थी। सरकार ने एहतियात के तौर पर 10 दिन के लिए थोक पोल्ट्री बाजार भी बंद कर दिया था।
गाजीपुर बाजार दिल्ली-उत्तरप्रदेश सीमा पर स्थित है जहां से पूरे क्षेत्र में कुक्कुट उत्पादों की आपूर्ति होती है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
Web Title: Bird flu: Delhi CM directs to open Ghazipur poultry market
भारत से जुड़ी हिंदी खबरों और देश दुनिया खबरों के लिए यहाँ क्लिक करे. यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा लाइक करे