बीजापुरः नक्सली मुठभेड़ में 22 जवान शहीद, एक जवान की तलाश जारी
By भाषा | Published: April 4, 2021 01:12 PM2021-04-04T13:12:03+5:302021-04-04T15:59:12+5:30
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहीद जवानों में से दो जवानों का शव सुरक्षा बलों ने बरामद किया था तथा तीन अन्य जवानों के शव शिविर नहीं लाए जा सके थे।
रायपुरः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर हुई मुठभेड़ में 22 जवानों के शहीद होने की जानकारी मिली है। सुरक्षा बलों ने लापता 17 जवानों का शव बरामद कर लिया है। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया सुरक्षा बलों ने आज घटनास्थल से लापता 17 जवानों का शव बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोनागुड़ा गांव के करीब सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें पांच जवानों के शहीद होने और 30 अन्य जवानों के घायल होने की जानकारी मिली थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहीद जवानों में से दो जवानों का शव सुरक्षा बलों ने बरामद किया था तथा तीन अन्य जवानों के शव शिविर नहीं लाए जा सके थे। वहीं इस घटना के दौरान 18 अन्य जवानों के लापता होने की जानकारी मिली थी।
The killing of the security personnel while battling Maoist insurgency in Chhattisgarh is a matter of deep anguish. My condolences to the bereaved families. The nation shares their pain and will never forget this sacrifice: President Ram Nath Kovind on Chhattisgarh Naxal attack pic.twitter.com/YYAoBRvzr0
— ANI (@ANI) April 4, 2021
उन्होंने बताया कि लापता जवानों की तलाश में आज सुरक्षा बलों को रवाना किया गया था। सुरक्षा बलों ने शनिवार को शहीद तीन जवानों के शवों तथा 17 अन्य जवानों (कुल 20 जवानों) के शवों को बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि एक जवान की तलाश की जा रही है, अभी तक घटना में शहीद हुए 22 जवानों का शव बरामद किया गया है।
राज्य के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने शनिवार को बताया था कि शुक्रवार की रात बीजापुर और सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन, डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। इस अभियान में बीजापुर जिले के तर्रेम, उसूर और पामेड़ से तथा सुकमा जिले के मिनपा और नरसापुरम से लगभग दो हजार जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया था कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे बीजापुर-सुकमा जिले की सीमा पर जगरगुंड़ा थाना क्षेत्र (सुकमा जिला)के अंतर्गत जोनागुड़ा गांव के करीब नक्सलियों की पीएलजीए बटालियन तथा तर्रेम के सुरक्षा बलों के मध्य मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ तीन घंटे से अधिक समय तक चली।
On ground visuals from the site of Naxal attack at Sukma-Bijapur border in Chhattisgarh; 22 security personnel have lost their lives in the attack pic.twitter.com/sVCoyXIRwN
— ANI (@ANI) April 4, 2021
पाल ने मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के एक जवान, बस्तरिया बटालियन के दो जवानों तथा डीआरजी के दो जवानों (कुल पांच जवानों) के शहीद होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कुछ जवानों को लापता होने की भी जानकारी दी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया है कि इस घटना में 30 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों में से सात जवानों का रायपुर के अस्पताल में तथा 23 जवानों का बीजापुर के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया है। मुठभेड़ में नक्सलियों को भी काफी नुकसान होने की खबर है।
शाह ने की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बातचीत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के पांच जवानों के शहीद होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रविवार को बात की और हालात का जायजा लिया। शाह ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक कुलदीप सिंह को स्थिति का जायजा लेने के लिए छत्तीसगढ़ जाने को कहा।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बात की और मुठभेड़ के बाद पैदा हुई स्थिति की जायजा लिया। इस संबंध में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को मुठभेड़ के बाद राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ में बीजापुर और सुकमा जिलों की सीमा के बीच एक जंगल में नक्सलियों के साथ शनिवार को हुई मुठभेड़ में कम से कम पांच सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे और 30 अन्य घायल हुए थे। इससे पहले, अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मैं छत्तीसगढ़ में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए हमारे वीर सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को नमन करता हूं। राष्ट्र उनके शौर्य को कभी नहीं भूलेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम शांति और प्रगति के इन दुश्मनों (नक्सलियों) के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’