बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- "लोकसभा चुनाव को लेकर डरे हुए हैं"
By एस पी सिन्हा | Published: June 1, 2023 03:12 PM2023-06-01T15:12:12+5:302023-06-01T15:15:17+5:30
तेजस्वी यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए बयान दिया और कहा कि वह लोकसभा चुनाव को लेकर डरे हुए हैं।

फाइल फोटो
पटना: बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड मे सहायक के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने हाथों से 15 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया।
इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सरकार 10 लाख नौकरी का अपना वादा जरूर पूरा करेगी और इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा हजारों लोगों को नियुक्ति पत्र दी जा चुकी है और लाखों पदों के लिए निुयुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। 1.70 लाख शिक्षकों की भर्ती की प्रकिया शुरू हो गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के एक लाख से ज्यादा पदों पर भर्ती के लिए भी प्रकिया का जी रही है।
हरेक विभाग में जो पद खाली पड़े हैं, उन्हें भरने के लिए सरकार काम कर रही है। वहीं केन्द्र और भाजपा पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग 10 लाख नौकरी के बारे मे पूछते रहतें हैं, पर अपने 2 करोड़ रोजगार के वादे पर कुछ नहीं बोलते हैं।
आजकल ये लोग नौकरी और रोजगार के बजाय हिन्दू- मुस्लिम पर ज्यादा चर्चा कर रहें हैं। पर हमें पता होना चाहिए कि जाति और धर्म से अलग होने के बाद भी हम सब हिन्दुस्तानी है। इसके साथ ही राजनीतिक बयान देते हुए तेजस्वी ने कहा कि हमलोगों के एक साथ आने और विपक्षी दलों की एकजुटता से भाजपा डरी हुई है।
इनका डर जाएगा कि नहीं जाएगा, ये तो वही जानें। पर 2024 में जनता इनकी विदाई करेगी। ये तय हो गया है। वहीं कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर तेजस्वी ने कहा कि किसी को भी बिहार आने से मना नहीं है, आने दीजिए न भाई, इससे क्या ही फर्क पड़ने वाला है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र है कोई भी कहीं भी आए-जाएं। इसमें क्या समस्या है। हम लोग जिस दिन से साथ आए हैं, जिस दिन से महागठबंधन सरकार बनी है और भाजपा बाहर हुई है, तब से वो लोग आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर डरे हुए हैं। ये डर उनके अंदर से निकल ही नहीं रहा है। लेकिन इतना तय है कि देश की जनता उनको सत्ता से इस बार बाहर जरूर कर देगी।