बिहार: बेटी के बर्थडे पर घर आए जवान की नक्सलियों ने की हत्या, पिता के सामने AK-47 से भूना
By एस पी सिन्हा | Published: September 18, 2018 04:14 PM2018-09-18T16:14:49+5:302018-09-18T16:39:26+5:30
परिजनों ने बताया कि सिकंदर छुट्टियों में घर आया हुआ था। वह अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गांव में पूजा करवा रहा था। इसी बीच हथियार से लैस कुछ नक्सली उसके घर में आ गए और जवान से पूछताछ करने के बहाने उसे घर से बाहर लेकर चले गए।
पटना,18 सितंबर:बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एसएसबी के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार रात की है। नक्सलियोंने जमुई जिले के बरहट थाना इलाके के पांडेयठिका गांव में नृशंस घटना को अंजाम दिया। मृतक जवान छुट्टी पर घर आया था और वह सोमवार की रात को बेटी का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था।
परिजनों ने बताया कि सिकंदर छुट्टियों में घर आया हुआ था। वह अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गांव में पूजा करवा रहा था। इसी बीच हथियार से लैस कुछ नक्सली उसके घर में आ गए और जवान से पूछताछ करने के बहाने उसे घर से बाहर लेकर चले गए। मृतक के परिजनों ने बताया कि लगभग दो दर्जन नक्सली घर में घुस आये। उसके बाद जवान को घर से खींच कर सड़क पर ले गये और जमकर पिटाई की। फिर पिता के सामने ही एके-47 से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक जवान जिसका नाम सिकंदर यादव था।
वह फिलहाल मधुबनी के जयनगर में एसएसबी के 48वीं बटालियन में तैनात था। वह बीते 15 सितंबर को ही अपनी बेटी के जन्मदिन पर घर आया था। सोमवार की रात करीब दो दर्जन नक्सली घर में घुस आये थे और खुद को पुलिस का आदमी बताते हुए उसे बाहर ले गये। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन परिवारवालों में आक्रोश है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद पुलिस दो घंटे के बाद पहुंची। वहीं, पुलिस का कहना है कि इलाके में दहशत का माहौल बनाने के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है।
नक्सलियों की ओर से किए गए इस वारदात से लोग दहशत में हैं। गांव में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने आये नक्सली दस्ते में महिला नक्सली भी शामिल थीं। सिकंदर यादव 2006 में एसएसबी में शामिल हुआ था। घटना के बाद पांडेयठिका समेत पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।