सीएम नीतीश के साथ अब जाने की संभावना नहीं, विकास के मुद्दे पर बात, प्रशांत किशोर ने चुप्पी तोड़ी, जानिए बेगूसराय पर क्या बोले
By एस पी सिन्हा | Published: September 15, 2022 05:29 PM2022-09-15T17:29:31+5:302022-09-15T17:30:46+5:30
बेगूसराय में 24 राउंड फायरिंग और 10 लोगों को गोली मारे जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इससे पता चलता है कि लोगों की आशंकाओं को बल मिल रहा है।
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात को लेकर प्रशांत किशोर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मुलाकात के बाद नीतीश कुमार के साथ एक बार फिर से जाने के कयासों को खारिज किया है। इसके साथ ही हाल में हुईं आपराधिक घटनाओं के लिए सीधे नीतीश कुमार पर हमला बोला है।
चुनावी रणनीतिकार ने कहा कि बिहार में जिस तरह से घटनाएं हो रही हैं, उससे लोगों की आशंकाएं सच साबित होती दिख रही है। बेगूसराय में 24 राउंड फायरिंग और 10 लोगों को गोली मारे जाने पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इससे पता चलता है कि लोगों की आशंकाओं को बल मिल रहा है।
जब से यह सरकार बनी है, तब से कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का डर बढ़ा है और आशंकाएं सही साबित होती दिख रही हैं। हर जिले से आपको ऐसी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री के बीच बिहार के विकास को लेकर बातचीत हुई है।
पीके ने आगे कहा कि नीतीश कुमार से मेरी मुलाकात राजनीतिक नहीं है। केवल बिहार के युवाओं, किसानों और प्रदेश की प्रगति को लेकर चर्चा हुई है। इस सियासी घटनाक्रम के बाद राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।