पटनाः बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की गई मुलाकात के बाद कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है। सचिवालय में दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। इस बीच पार्टी नेताओं को सफाई देनी पड़ रही हैं। वहीं शुक्रवार को खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही तमाम कयासों को लेकर सफाई देने उतर गए। उन्होंने साफ कर दिया कि वो एनडीए के साथ ही मजबूती से रहेंगे। दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार को बिहार आए।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना आईजीआईएमएस में पूर्वी भारत के सबसे बड़े आंख के अस्पताल का उद्घाटन उन्होंने किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हम दो बार इधर-उधर हुए ये गलती हुई। बाद में हटा दिए। अब कभी इधर-उधर नहीं करेंगे। अब कभी नहीं होगी।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू ने मिलकर सारा काम किया है। उन्होंने कहा कि हम लोग (भाजपा व जदयू) पुराने समय से साथ रहे हैं। हम लोग 1995 से साथ रहे हैं। जबकि उन लोगों ने (राजद) कोई काम नहीं किया। लेकिन अब बिहार और दिल्ली के अखबार में छपता रहता है। जबकि हम लोग ही मिलकर काम किए हैं।
नीतीश कुमार ने भाजपा और जदयू के साथ रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि मेरे आने के पहले अस्पतालों की स्थिति बिहार में खराब थी। जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसे पुराना रिश्ता है। इनका जन्म पटना में ही हुआ है। इनके पिताजी यहीं रहते थे। जेपी नड्डा बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जब भी दिल्ली जाता हूं, इनसे मिलता हूं।
उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बिहार की राजनीति में फिर से खेला होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब नीतीश कुमार ने इन कयासों को दूर करने की कोशिश की है। लेकिन तीन बार पलटी मारने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यही बात कही थी।