बिहार जदयू में और तेज हो सकता है घमासान, विधान पार्षद महतो ने कहा-कुशवाहा के खिलाफ साजिश, लव-कुश समीकरण टूटेगा
By एस पी सिन्हा | Published: February 2, 2023 07:33 PM2023-02-02T19:33:23+5:302023-02-02T19:34:18+5:30
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब भी उपेंद्र कुशवाहा से बात कर मामले को सुलझाएं वर्ना लव-कुश समीकरण टूटेगा। मंत्री अशोक चौधरी को भी हवा में नहीं उड़ने की नसीहत दी है।

उपेंद्र कुशवाहा का समता पार्टी से लेकर जदयू को मजबूत करने में बड़ा योगदान रहा है।
पटनाः जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के बागी तेवर के बाद अब पार्टी में घमासान की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जदयू के विधान पार्षद रामेश्वर महतो ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि उपेंद्र कुशवाहा के जदयू में शामिल होने के पहले से ही पार्टी के कुछ नेता उनके खिलाफ लगातार साजिश रच रहे थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब भी उपेंद्र कुशवाहा से बात कर मामले को सुलझाएं वर्ना लव-कुश समीकरण टूटेगा। विधान पार्षद ने उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ बोलने वाले मंत्री अशोक चौधरी को भी हवा में नहीं उड़ने की नसीहत दी है। रामेश्वर महतो ने कहा कि जब 2021 की शुरुआत में उपेंद्र कुशवाहा के पार्टी में आने की बात हो ही रही थी तो उनके खिलाफ पार्टी के कुछ नेताओं ने बैठक की।
लेकिन नीतीश कुमार उन्हें जदयू में लेकर आये। इसके बाद भी उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ लगातार बैठकें होती रहीं। उन्होंने कहा कि कई बैठकों में तो मुझे भी बुलाया गया, लेकिन मैं नहीं गया। रामेश्वर महतो ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ जो बैठकें हो रही थी, उसमें जदयू के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होते थे।
पार्टी के संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष संगठन में नंबर दो की हैसियत वाले नेता होते हैं। लेकिन उनके खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सरकार में शामिल एक मंत्री साजिश रच रहे थे। उन्हीं साजिशों का नतीजा है कि बात इतनी बिगड़ रही है। विधान पार्षद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सलाह दी है कि वे अभी भी उपेंद्र कुशवाहा से बात कर मामले को सुलझा लें वर्ना पार्टी के लव-कुश समीकरण को गंभीर खतरा है।
उपेंद्र कुशवाहा का समता पार्टी से लेकर जदयू को मजबूत करने में बड़ा योगदान रहा है। इसलिए नीतीश कुमार को खुद पहल कर उनसे बात करनी चाहिये। रामेश्वर महतो ने कहा है कि अगर मामला नहीं सुलझा तो पार्टी के कई नेता दल छोड़ सकते हैं।
बता दें कि इससे पहले रामेश्वर महतो ने उपेंद्र कुशवाहा को जदयू में किरायेदार बताने वाले मंत्री अशोक चौधरी पर तीखा हमला बोला था। रामेश्वर महतो ने कहा था-कॉरपोरेट कल्चर के मंत्री अशोक चौधरी, हवा में मत उड़िए। आपके कारण मेरा सिर शर्म से झुक जाता है।