बिहार: पटना में रह रही 28 पाकिस्तानी महिलाओं को दिया गया 2 महीने का वक्त, कहा गया- समय सीमा में करें नए वीजा के लिए आवेदन
By एस पी सिन्हा | Updated: May 9, 2025 16:19 IST2025-05-09T16:19:03+5:302025-05-09T16:19:03+5:30
बिहार की राजधानी पटना में 28 पाकिस्तानी महिलाएं रहती हैं, जो इस नियम के अंदर आते हैं। भारत सरकार ने बिहार में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को 2 महीने का वक्त दिया है। अब उन सभी लोगों को नया वीजा बनवाना पड़ेगा।

बिहार: पटना में रह रही 28 पाकिस्तानी महिलाओं को दिया गया 2 महीने का वक्त, कहा गया- समय सीमा में करें नए वीजा के लिए आवेदन
पटना: भारत-पाकिस्तान के बीच जारी जंग के बीच केंद्र सरकार ने भारत में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी को अपडेट करने और उनकी गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने लंबे समय के वीजा (एलटीवी) वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 10 मई से 10 जुलाई 2025 तक नया वीजा आवेदन करने का आदेश दिया है। इस अवधि के बाद पुराने वीजा रद्द कर दिए जाएंगे। बिहार की राजधानी पटना में 28 पाकिस्तानी महिलाएं रहती हैं, जो इस नियम के अंदर आते हैं। भारत सरकार ने बिहार में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को 2 महीने का वक्त दिया है। अब उन सभी लोगों को नया वीजा बनवाना पड़ेगा।
बता दें कि पटना में 28 पाकिस्तानी महिलाएं रहती हैं, जिनमें 24 के पास पास लंबे वक्त का वीजा (एलटीवी) है। एसपी (विधि व्यवस्था) संजय कुमार ने बताया कि जिनमें से 3 महिलाओं ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के लिए अपने पाकिस्तानी पासपोर्ट को सरेंडर किया है। वह भारतीय बनने की कानूनी प्रक्रिया में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय सीमा में नए वीजा के लिए आवेदन करें।
संजय कुमार ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 10 मई से 10 जुलाई तक का समय निर्धारित किया है। पटना में रहने वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों को नए सिरे से वीजा आवेदन के बारे में सूचित कर दिया गया है। संजय कुमार ने चेतावनी दी है कि समय सीमा का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पटना के पीरबहोर, सब्जीबाग में रहने वाली जाहिदा खालिद नामक पाकिस्तानी महिला ने पुलिस अधीक्षक (विधि व्यवस्था) से मदद मांगी है।
जाहिदा अपने बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और बताया कि उनके खिलाफ कोर्ट में चल रहा मामला 24 अप्रैल को उनके पक्ष में सुलझ गया था। हालांकि, पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी, जिसके चलते उन्हें वापस भेज दिया गया। जाहिदा के पास एलटीवी है, लेकिन उनका मामला जटिल होने के कारण पुलिस और प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
ऐसे में पटना में रहने वाली पाकिस्तानी महिलाओं के लिए अगले दो महीने अहम हैं। उन्हें न केवल नए वीजा के लिए आवेदन करना होगा, बल्कि अपनी स्थिति को स्पष्ट करने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।