राजस्थान में खड़ा हुआ बड़ा सियासी संकट, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास का दावा, '92 विधायक देने जा रहे हैं इस्तीफा'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: September 25, 2022 09:27 PM2022-09-25T21:27:28+5:302022-09-25T21:59:39+5:30
राजस्थान में कांग्रेस टूटने के कगार पर, कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वफादार माने जाने वाले राजस्थान कांग्रेस के कुछ विधायक इस्तीफा सौंपने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के आवास पर गए हैं।
जयपुर:राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट की सियासत पर भारी ग्रहण लगता हुआ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने दावा किया है कि उनके पास कांग्रेस के कुल 92 विधायकों का समर्थन है और सभी विधायक बहुत गुस्से में हैं कि सीएम गहलोत उनसे सलाह लिये बगैर सीएम पद कैसे छोड़ सकते हैं। खबरों के मुताबिक नाराज विधायक अशोक गहलोत के सीएम पद छोड़ने के खिलाफ बताये जा रहे हैं।
सभी विधायक गुस्से में हैं और इस्तीफा दे रहे हैं। हम इसके लिए अध्यक्ष के पास जा रहे हैं। विधायक इस बात से खफा हैं कि CM अशोक गहलोत उनसे सलाह लिए बिना फैसला कैसे ले सकते हैं: प्रताप सिंह खाचरियावास, जयपुर, राजस्थानpic.twitter.com/m2QEDNuHaG
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 25, 2022
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वफादार माने जाने वाले राजस्थान कांग्रेस विधायक इस्तीफा सौंपने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के आवास पर भी गए हैं। कहा जा रहा है कि राजस्थान में चल रही सियासी उठा-पटक के पीछे और कहीं न कहीं कथिततौर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी मौन समर्थन है।
कांग्रेस में नाराज विधायकों की अगुवाई कर रहे प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश सरकार नहीं गिरी है। अशोक गहलोत हमारे परिवार के मुखिया है, वो हमारी बात सुनेंगे तो सारी नाराजगी दूर हो जाएगी। लोकतंत्र संख्या बल से चलता है। राजस्थान के विधायक जिसके साथ होंगे, नेता वही होगा।
सरकार नहीं गिरी है। हमारे परिवार के मुखिया(अशोक गहलोत) हमारी बात सुनेंगे तो नाराजगी दूर हो जाएगी। लोकतंत्र संख्या बल से चलता है। राजस्थान के विधायक जिसके साथ होंगे, नेता वही होगा: प्रताप सिंह खाचरियावास, जयपुर, राजस्थान pic.twitter.com/7GycvW5rhp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 25, 2022
वहीं दूसरी ओर यह भी खबर आ रही है कि कांग्रेस पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे, अजय माकन, सीएम अशोक गहलोत के साथ कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं। उन नेताओं के साथ सचिन पायलट भी वहां मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक मौजूद संकट के विषय में दिल्ली आलाकमान में भी हलचल मची हुई है और पार्टी अब नाराज विधायकों को मनाने और होने वाले डैमेज को कंट्रोल करने में लग गई है। लेकिन साथ में यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस में होने वाले अध्यक्ष पद का चुनाव अब उतना आसान नहीं रह जाएगा, जितना की पहले माना जा रहा था।
बताया जा रहा है कि सचिन पायलट खेमा भी स्पष्ट तौरे से उनकी ताजपोशी में लामबंद है और गहलोत के बाद उन्हें किसी भी कीमत पर सीएम बनाने की जुगत में लगा हुआ है। लेकिन पूरे घटनाक्रम को देखते हुए एक बात तो तय है कि अशोक गहलोत अगर सीएम पद से इस्तीफा देते भी हैं तो सचिन पायलट के लिए सीएम की गद्दी उतनी आरामदेह नहीं रहने वाली है।