मुंबई में मजदूरों की भीड़ को उकसाने का आरोपी विनय दुबे हिरासत में, 18 अप्रैल को लेकर भी देशव्यापी आंदोलन की दी है चेतावनी, जानें कौन है?
By पल्लवी कुमारी | Published: April 15, 2020 08:09 AM2020-04-15T08:09:01+5:302020-04-15T08:09:01+5:30
बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास सैकड़ों प्रवासी कामगारों के इकट्ठा होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिहाड़ी मजदूरों से रुकने की अपील की है। सीएम ने बताया श्रमिकों को बताया गया था कि ट्रेन सेवाएं 14 अप्रैल से बहाल होंगी इसलिए ये एकत्रित हुए
मुंबई: कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ाए जाने के बावजूद अपने-अपने गृह नगर जाने की आस में कल शाम (14 अप्रैल) को मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास सैकड़ों प्रवासी मजदूरों इकट्ठा हो गए थे। जिसके बाद महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने राज्य में फंसे प्रवासी मजदूरों को एक बार फिर आश्वस्त किया कि लॉकडाउन कोई 'लॉक-अप' नहीं है। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर मुंबई का रहने वाला विनय दुबे चर्चा में आ गया है। बांद्रा में हजारों की संख्या में मजदूरों की जुटान के पीछे विनय दुबे का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने विनय दुबे को सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट लिखने को लेकर हिरासत में ले लिया है। विनय को मंगलवार रात नवी मुंबई में ऐरोली से पकड़ा गया। उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां वह आजाद मैदान पुलिस की कस्टडी में रहेगा। विनय को आज स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा।
#UPDATE Vinay Dubey has been formally arrested by Mumbai police now, under IPC sections 117, 153 A, 188, 269, 270, 505 (2) and Section 3 of The Epidemic Diseases Act. He will be produced before a local court later today. #Maharashtrahttps://t.co/t5gMIfCQvJ
— ANI (@ANI) April 15, 2020
पुलिस को विनय दुबे पर है शक, आज कोर्ट में होगी पेशी
विनय दुबे को मुंबई पुलिस ने आईपीसी की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270, 505 (2) और द महामारी रोग अधिनियम की धारा 3 के तहत औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि विनय के सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से मंगलवार को हजारों प्रवासी कामगार बांद्रा स्टेशन पर प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हो गए। इनमें से ज्यादातर लोग बिहार, यूपी और पश्चिम बंगाल के थे। वे मांग कर रहे थे कि राज्य सरकार उनके गांव और कस्बे तक जाने के लिए ट्रेन की व्यवस्था करे।
बांद्रा में इकट्ठा होने की घटना के संबंध में 800-1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम धारा-3 के साथ बांद्रा पुलिस स्टेशन में धारा 143, 147, 149, 186, 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्विटर पर विनय दुबे ने 18 अप्रैल को लेकर देशव्यापी मजदूर आंदोलन की दी है चेतावनी
ट्विटर पर विनय दुबे ने मजदूरों को लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने और भड़काने वाले कई पोस्ट किए हैं। इसके साथ ही विनय दुबे नाम के इस शख्स ने 18 अप्रैल को रेलवे स्टेशन पर इकट्ठा होने के लिए आह्वान भी किया है। साथ ही प्रशासन से मांग की है कि मजदूरों को घर जाने के लिए ट्रेनें चलाई जाएं।
विनय दुबे ने लिखा है, '' अगर 18 अप्रैल तक ट्रेने नहीं शुरू हुई तो देशव्यापी मजदूर आंदोलन होगा। सरकार ध्यान दें। अन्य राज्यों में अटके हुए लोगों को घर पहुंचाएं।''
इस ट्वीट में विनय दुबे ने रेल मंत्री पीयूष गोयल, पीएमओ के अलावा महाराष्ट्र, यूपी, झारखंड और बिहार के सीएम ऑफिस को भी टैग किया है।
NBT में छपी रिपोर्ट के मुताबिक विनय दुबे ने मुंबई के मजदूरों के बीच 'चलो घर की ओर' नाम से एक अभियान शुरू किया है।
नेताओं के साथ भी विनय दुबे का कनेक्शन
विनय दुबे के ट्विटर पर नजर डाली जाए तो लगा है कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है। ट्विटर पर वह कुछ नेताओं के साथ भी देखा जा सकता है। उसके कुछ ट्वीट्स सत्ताधारी पार्टी की सहयोगी एनसीपी से उसके करीबी संबंधों की ओर इशारा करते हैं।
एक ट्वीट में विनय ने बताया है कि उसके पिता ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए महाराष्ट्र सरकार को अपने जीवन की सारी पूंजी दान कर दी। उसने अनुदान स्वीकारने के लिए गृह मंत्री अनिल देशमुख के अलावा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का भी आभार व्यक्त किया है। जिसका तस्वीर भी उसने पोस्ट किया है।