तेलंगाना में पारंपरिक उत्साह के साथ मनायी गयी बकरीद
By भाषा | Published: July 21, 2021 05:47 PM2021-07-21T17:47:59+5:302021-07-21T17:47:59+5:30
हैदराबाद, 21 जुलाई तेलंगाना में बुधवार को पारंपरिक उत्साह के साथ बकरीद का त्योहार मनाया गया और मुसलमानों ने हैदराबाद तथा राज्य के अन्य स्थानों पर विभिन्न ईदगाहों पर नमाज अदा की।
मिरालम ईदगाह, मसाब टैंक में हॉकी मैदान, मेहदीपट्टनम में सैन्य मैदान और अन्य जगहों पर लोग नमाज के लिए इकट्टा हुए। हालांकि सुबह के समय बारिश और कोविड-19 महामारी के कारण त्योहार के हर्षोउल्लास पर असर पड़ा।
राज्य सरकार ने पिछले महीने कोविड-19 संबंधी लॉकडाउन को खत्म कर सभी प्रतिबंधों को हटा दिया था। राज्य के गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली ने शहर के आजमपुरा में एक मस्जिद में नमाज अदा की। राज्यपाल तमिलसाई सौंदर्यराजन, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद ए रेवंत रेड्डी तथा अन्य नेताओं ने इस अवसर पर मुसलमानों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि बकरीद का त्योहार बलिदान और सर्वोच्च त्याग की भावना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने मुसलमानों को बधाई देते हुए कहा कि बकरीद कुर्बानी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बकरीद से दूसरों के प्रति दया, करुणा, त्याग और धैर्य दिखाने का संदेश सीखना चाहिए।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।