दिग्विजय को बाबूलाल गौर ने दी चुनौती, कहा- आ जाएं भोपाल, हो जाए दो-दो हाथ
By राजेंद्र पाराशर | Published: March 19, 2019 07:21 AM2019-03-19T07:21:39+5:302019-03-19T07:21:39+5:30
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को ऐसी सीट से चुनाव लड़ने की सलाह दी गई, जहां भाजपा वर्षों से जीतती आ रही है।
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर माहौल अब गर्म हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अभी प्रत्याशी चयन को लेकर उलझे हुए हैं, इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भोपाल से चुनाव लड़ने को लेकर चुनौती देते हुए कहा कि ‘आ जाएं भोपाल, हो जाएं दो-दो हाथ, दिखाएं पराक्रम’। गौर की इस चुनौती पर दिग्विजय तो कुछ नहीं बोले मगर राज्य के पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल ने गौर को जवाब दिया और कहा कि गौर की अब भाजपा में प्रासंगिकता नहीं रही है।
दरअसल मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को ऐसी सीट से चुनाव लड़ने की सलाह दी गई, जहां भाजपा वर्षों से जीतती आ रही है। कमलनाथ की इस सलाह पर जब रविवार को सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना समर्थन दिया तो आज दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कमलनाथ का धन्यवाद माना और साथ ही लिखा कि ‘कमल नाथजी को जिन्होंने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमजोर सीटों पर लड़ने का आमंत्रण दिया। उन्होंने मुझे इस लायक समझा मैं उनका आभारी हूं। दिग्विजय सिंह ने एक और ट्वीट में लिखा कि 'मैं राघौगढ़ की जनता की कृपा से 77 की जनता पार्टी लहर में भी लड़कर जीतकर आया था, चुनौतियों को स्वीकार करना मेरी आदत है जहां से भी मेरे नेता कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कहेंगे मैं लोकसभा चुनाव लड़ने तैयार हूं। नर्मदे हर।’
दिग्विजय के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने सिंह को चुनौती देते हुए भोपाल संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात कही। गौर ने कहा कि ‘आज जाएं भोपाल, हो जाएं दो-दो हाथ’। गौर यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि यहां आकर दिखाएं पराक्रम। भोपाल से जीतना लोहे के चने चबाना है। भाजपा की जड़े बहुत मजबूत हैं, यहां भूलकर नहीं आ जाना।
दिग्विजय के लिए मुफीद नहीं मध्यप्रदेश
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर द्वारा दिग्विजय सिंह को दी चुनौती के बाद पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता उमाशंकर गुप्ता भी कहां चुप रहते। उन्होंने भी मीडिया में कहा कि अब भोपाल क्या, मध्यप्रदेश ही दिग्विजय सिंह के मिए मुफीद नहीं रहा है। दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश की सरल सीट पर भी चुनाव लड़ेंगे तो हार जाएंगे। हमारा आम कार्यकर्ता भी दिग्गी को कम से कम एक लाख से हरा सकता है। उन्होंने कहा कि यह सब कांग्रेस के बिखराव और विभाजन के साफ संकेत है।
गौर की भाजपा में नहीं बची प्रासंगिकता
मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने दिग्विजय सिंह को बाबूलाल गौर द्वारा दी गई चुनौती का करारा जवाब दिया। पटेल ने कहा कि गौर की अब उनकी ही पार्टी भाजपा में ही प्रासंगिकता नहीं रही है। उनके बयान को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। पटेल ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के इस बयान का समर्थन किया कि बड़े नेताओं को कठिन सीटों से चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके तहत बुधनी से अरुण यादव विधानसभा का चुनाव लड़े थे, इसका फायदा कांग्रेस को मिला था और अब लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की जीत पक्की है।