Assembly byelection 2024: कांग्रेस और निर्दलीय सहारे बाजी मारेंगे!, भाजपा ने पूर्व विधायक पर खेला दांव, 4 सीट पर प्रत्याशी घोषित, देखें लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 14, 2024 13:09 IST2024-06-14T13:08:34+5:302024-06-14T13:09:32+5:30
Assembly byelection 2024: कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी समझे जाने वाले कमलेश शाह ने 29 मार्च को कांग्रेस एवं विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गये थे।

file photo
Assembly byelection 2024: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवारा विधानसभा सीट (एसटी) पर 10 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमलेश शाह को अपना प्रत्याशी घोषित किया। शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के लिए अमरवारा के विधायक पद से इस्तीफा दिया था। फलस्वरूप अमरवारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी समझे जाने वाले शाह ने 29 मार्च को कांग्रेस पार्टी एवं विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और बाद में भाजपा में शामिल हो गये थे।
हिमाचल प्रदेश उपचुनाव: भाजपा ने तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों को उनके मौजूदा क्षेत्रों से टिकट दिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजप) ने विधानसभा से इस्तीफा देने वाले तीन पूर्व निर्दलीय विधायकों को आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए उनकी मौजूदा सीट से टिकट दिया है। इस साल के शुरू में राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद ये निर्दलीय विधायक उसमें शामिल हो गए थे, लेकिन उन्होंने बाद में विधासनभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा उम्मीदवारों की बृहस्पतिवार को जारी सूची में आशीष शर्मा (हमीरपुर), होशियार सिंह (देहरा) और के एल ठाकुर (नालागढ़) के नाम शामिल हैं। इन तीनों सीट पर उपचुनाव 10 जुलाई को होंगे। इन तीन निर्दलीय विधायकों ने छह कांग्रेसी बागियों के साथ मिलकर 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान किया था। महाजन चुनाव जीत गए। इन विधायकों ने 22 मार्च को सदन से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उनके इस्तीफे तीन जून को स्वीकार किए थे।