असम और मिजोरम के बीच खूनी हुआ सीमा विवाद, गोलीबारी में असम के छह पुलिसकर्मियों की मौत, ट्विटर पर उलझे दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री

By अभिषेक पारीक | Published: July 26, 2021 06:31 PM2021-07-26T18:31:34+5:302021-07-26T20:14:56+5:30

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद एक बार फिर उग्र हो चुका है। दोनों राज्यों के बॉर्डर पर असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के लोगों के बीच झड़प हुई है। जिसके बाद दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी ट्विटर पर उलझ गए हैं।

Assam-Mizoram border dispute: Clashes between Assam's security forces and people of Mizoram, Chief Minister of both the states clashed on Twitter | असम और मिजोरम के बीच खूनी हुआ सीमा विवाद, गोलीबारी में असम के छह पुलिसकर्मियों की मौत, ट्विटर पर उलझे दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री

बॉर्डर पर असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के लोगों के बीच झड़प हुई है।

Highlightsअसम और मिजोरम के बीच पिछले कुछ समय से चल रहा सीमा विवाद एक बार फिर उग्र हो चुका है। दोनों राज्यों के बॉर्डर पर असम के सुरक्षाबलों और मिजोरम के लोगों के बीच झड़प से तनाव बढ़ गया है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी ट्विटर पर उलझ गए और उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से दखल की मांग की है। 

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद एक बार फिर उग्र हो चुका है। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा की गई गोलीबारी में असम पुलिस के छह कर्मियों की मौत हुई है। असम के कछार जिले के पुलिस अधीक्षक निंबालकर वैभव चंद्रकांत, मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा की गई गोलीबारी में घायल हो गए हैं। उनके पैर में गोली लगी है। इस घटना के बाद दोनों राज्यों में तनाव और बढ़ सकता है। दोनों राज्यों के बीच व्याप्त तनाव का असर राज्यों के मुख्यमंत्रियों पर भी देखने को मिला जब दोनों ट्विटर पर उलझ गए। साथ ही इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दखल की मांग की गई है। 

मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें पुलिस और नगरिकों के बीच झड़प होती नजर आ रही है। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को टैग कर इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा है। साथ ही पीएमओ को भी टैग किया गया है। 

मिजोरम के मुख्यमंत्री के बाद असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा भी इसमें कूद पड़े। उन्होंने भी एक ट्वीट किया है, जिसमें लिखा, 'सम्माननीय जोरमथंगा जी, कोलासिब (मिजोरम) के एसपी ने ट्वीट किया है कि जब तक हम अपनी पोस्ट से पीछे नहीं हट जाते हैं, तब तक उनके नागरिक सुनेंगे नहीं और हिंसा को नहीं रोकेंगे? इन परिस्थितियों में हम कैसे सरकार चला सकते हैं?' सरमा ने इसके बाद अमित शाह और पीएम ऑफिस को टैग कर लिखा, 'आशा है कि आप जल्द ही मामले में दखल देंगे।'

उनके ट्वीट के बाद भी यह मामला खत्म नहीं हुआ। मिजोरम के सीएम ने उन्हें जवाब देते हुए लिखा, 'प्रिय हेमंतजी, माननीय अमित शाह जी ने दोनों मुख्यमंत्रियों की सौहार्दपूर्ण बैठक करवाई थी, जिसके बाद आश्चर्यजनक रूप से असम पुलिस की दो कंपनियां आज नागरिकों के साथ आई और मिजोरम के वेरिंगटे ऑटो रिक्शा स्टैंड के पास लोगों पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। उन्होंने सीआरपीएफ और मिजोरम पुलिस के जवानों को भी भगा दिया।' 

इसके बाद भी सरमा ने एक ट्वीट में जोरमथंगा से बातचीत की बात कही और कहा कि असम यथास्थिति और सीमा पर शांति बनाए रखेगा। 

मिजोरम-असम सीमा पर आठ झोपड़ियां जलाई गईं, तनाव बढ़ा

मिजोरम-असम की सीमा पर अज्ञात बदमाशों द्वारा किसानों की आठ झोपड़ियां जला दिए जाने से तनाव पैदा हो गया। यह जानकारी सोमवार को पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में शिलांग में पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक के एक दिन बाद यह घटना हुई है। बैठक में सीमा मुद्दे पर चर्चा हुई। मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (उत्तरी रेंज) लालबियाकथांगा खियांगते ने कहा कि विवादित क्षेत्र में ऐटलांग नदी के पास कम से कम आठ झोपड़ियों में रविवार की रात साढ़े 11 बजे आग लगा दी गई। उन्होंने बताया कि इन झोपड़ियों में कोई नहीं था। उन्होंने बताया कि ये झोपड़ी असम के नजदीकी सीमावर्ती गांव वायरेंगटे के किसानों की है। खियांगते ने कहा कि झोपड़ी मालिकों की शिकायत पर वायरेंगटे थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जून से मिजोरम-असम की सीमा पर तनाव जारी है, जब असम पुलिस ने वायरेंगटे से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित ‘ऐटलांग हनार’ इलाके पर कथित तौर पर नियंत्रण कर लिया और पड़ोसी राज्य पर इसकी सीमा का अतिक्रमण करने का आरोप लगाया।

Web Title: Assam-Mizoram border dispute: Clashes between Assam's security forces and people of Mizoram, Chief Minister of both the states clashed on Twitter

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे