गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बोले अशोक गहलोत- 125 सीटें जीतना चाहती है कांग्रेस, भाजपा पर साधा निशाना
By मनाली रस्तोगी | Published: November 21, 2022 02:35 PM2022-11-21T14:35:00+5:302022-11-21T14:37:22+5:30
राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी पार्टी 125 सीटें जीतना चाहती है और हम ऐसा करने के रास्ते पर हैं। इस बार भाजपा सरकार का विरोध पिछली बार नहीं था। लोग भड़के हुए हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बोले अशोक गहलोत- 125 सीटें जीतना चाहती है कांग्रेस, भाजपा पर साधा निशाना
सूरत: राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले सोमवार को कहा कि लोग सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का भरोसा भी जताया। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए गहलोत ने कहा, "कांग्रेस इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी क्योंकि जनता का मूड कोविड और अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन के लिए भाजपा के खिलाफ है।"
गहलोत ने कहा, "हमारी पार्टी 125 सीटें जीतना चाहती है और हम ऐसा करने के रास्ते पर हैं। इस बार भाजपा सरकार का विरोध पिछली बार नहीं था। लोग भड़के हुए हैं। पूरे देश ने कोविड के दौरान कुप्रबंधन देखा, खासकर राज्य में जो आजादी से पहले भी मजबूत था। मोरबी कांड हुआ था। हमने उच्च न्यायालय के वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की। पर वह नहीं हुआ। गुजरात उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लिया।"
उन्होंने आगे कहा, "अवैध शराब से लोगों की मौत हुई है। सरकार की नौटंकी की राजनीति नहीं चलने वाली, आश्चर्यजनक परिणाम सामने आएंगे।" कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाल के दिनों में लगातार राज्य के दौरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि गुजरात से भाजपा का सफाया हो रहा है।
गहलोत ने ये भी कहा, "जब से उन्होंने यूपी चुनाव जीता है, पीएम मोदी-अमित शाह यहां (गुजरात) नियमित रूप से आने लगे हैं। इसका मतलब है कि उन्हें लग रहा है कि यहां से बीजेपी का सफाया हो रहा है। इसका क्या मतलब है अगर वे हर हफ्ते यहां आते हैं? उनकी कमजोर स्थिति को दर्शाता है। इसलिए दोनों ने यहां डेरा डाला।"
गुजरात में चुनाव प्रचार से राहुल गांधी की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष भारत जोड़ो यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं। गहलोत ने कहा, "हमें यह करने की आवश्यकता नहीं है। राहुल गांधी गुजरात समेत हर राज्य की यात्रा निकाल रहे हैं। उनके द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को हर घर जानता है। उनके लिए शारीरिक रूप से यहां होना संभव नहीं था क्योंकि वह यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं। वह आज यहां आ रहे हैं और अपने मन की बात कहेंगे।"
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी कटाक्ष किया, जो कि मैदान में है और गुजरात में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है, और दावा किया कि पार्टी की विश्वसनीयता कम हो गई है। गहलोत न कहा, "कोई केजरीवाल से पूछे कि उन्होंने अचानक हिमाचल से प्रचार क्यों वापस ले लिया? उन्होंने वहां सिर्फ उम्मीदवारों का प्रचार किया है। क्या पता वे यहां से भी हट जाएं? क्या वे भाजपा से सांठगांठ कर रहे हैं? उनकी विश्वसनीयता कम हो गई है।"
गहलोत ने लव जिहाद के मुद्दे पर भाजपा की खिंचाई की और पार्टी पर एक समुदाय को निशाना बनाने के उद्देश्य से राजनीति करने का आरोप लगाया। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इसे एक नाम दिया गया है और 'जुमला' बना दिया गया है। काफी समय से अंतर्जातीय और अंतर्धार्मिक विवाह हो रहे हैं। लेकिन जिस तरह से एक समुदाय को निशाना बनाया गया है, उसके आधार पर राजनीति की जा रही है।