एलओसी पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना के एक जेसीओ शहीद, एक असैन्य नागरिक घायल
By भाषा | Published: November 26, 2020 09:56 PM2020-11-26T21:56:07+5:302020-11-26T21:56:07+5:30
जम्मू, 26 नवंबर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों और गांवों में की गई गोलाबारी और गोलीबारी में सेना के एक जूनियर कमीशन्ड अधिकारी (जेसीओ) शहीद हो गये तथा एक असैन्य नागरिक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के कस्बा और किरनी सेक्टरों में बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 1.30 बजे गोलीबारी में जेसीओ घायल हो गये थे और उन्हें एक सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, नागरिक मोहम्मद राशिद को उपचार के लिए जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।