Google Doodle: हाथ कैसे धोना चाहिए, इस शख्स ने बताया था सबसे पहले, गूगल ने खास डूडल से किया याद
By विनीत कुमार | Published: March 21, 2020 09:26 AM2020-03-21T09:26:23+5:302020-03-21T09:30:32+5:30
Google Doodle: दुनिया भर में कोरोना के कहर के बीच गूगल ने डॉ. इग्नाज सेमेल्विस को याद किया है। डॉ. सेमेल्विस ने ही सबसे पहले हाथ धोने के फायदे के बारे में बताया था।
पूरी दुनिया में आज कोरोना वायरस के लगातार फैल रहे संक्रमण की चर्चा है। वैज्ञानिक और डॉक्टर इसके टीके और इलाज को लेकर लगातार शोध कर रहे हैं। इस बीच गूगल ने आज हंगरी के फिजिशियन डॉ. इग्नाज सेमेल्विस (Dr. Ignaz Semmelweis) पर एक खास डूडल बनाया है।
फिलहाल कोरोना से बचाव ही इसका उपचार है। इसमें भी सबसे खास लगातार हाथ धोते रहने की बात कही जा रही है। जानकारों के अनुसार हर कुछ देर में हाथ धोते रहना इस संक्रमण से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। दुनिया भर की सरकारे विज्ञापनों और दूसरे तरीकों से लोगों को सही तरीके से हाथ धोने के बारे में बता रही हैं।
हालांकि, क्या आप जानते हैं कि सबसे पहले किसने सही तरीके से हाथ धोने और वायरस-बैक्टेरिया आदि से बचे रहने की सलाह दी थी। गूगल आज अपने खास डूडल से इन्हें ही याद कर रहा है।
गूगल कर रहा है डॉ. इग्नाज सेमेल्विस को याद
19वीं सदी के मध्य में एक ऐसा समय था जब समाज में हाथ धोने की प्रथा नहीं थी। डॉक्टर भी हाथ नहीं धोते थे। उस समय मां बनने वाली औरतें और नवजात बच्चे एक अज्ञात बीमारी के कारण तेजी से मर रहे थे। डॉ. इग्नाज ने तब हाथ धोने की बात की पहल की। उन्होंने पाया कि डॉक्टर और दूसरे स्टाफ अनजाने में ही बैक्टीरिया के संक्रमण फैला रहे थे।
शुरू में डॉ. इग्नाज की पहल को कई लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि, जहां ये व्यवस्था लागू हुई, वहां इसका लाभ भी नजर आने लगा। बाद में इन्हें ही हाथ साफ करने के फायदे की खोज करने के लिए जाना गया। डॉ. इग्नाज का जन्म हंगरी में 1 जुलाई 1818 को हुआ था। उन्होंने वियाना यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी।