महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे सभी 1,050 यात्रियों को बचाया गया: रेलवे

By भाषा | Published: July 27, 2019 10:36 PM2019-07-27T22:36:38+5:302019-07-27T22:36:38+5:30

मध्य रेलवे (सीआर) के अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं और एक माह की एक बच्ची समेत सभी यात्रियों को अपराह्र तीन बजे तक बचा लिया गया। यह ट्रेन शुक्रवार की रात को मुंबई से पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर के लिए रवाना हुई थी लेकिन यह मुंबई से करीब 65 किलोमीटर दूर वंगानी से आगे नहीं जा सकी जहां यह शनिवार तड़के पहुंची थी।

All 1,050 passengers stranded in Mahalaxmi Express were rescued: Railways | महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे सभी 1,050 यात्रियों को बचाया गया: रेलवे

महालक्ष्मी एक्सप्रेस के प्रभावित यात्रियों के साथ 19 डिब्बों वाली एक विशेष ट्रेन कल्याण से कोल्हापुर के लिए रवाना होगी।

Highlightsभारी बारिश के कारण ठाणे जिले के बदलापुर और वंगानी में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सीआर के मुख्य प्रवक्ता सुनील उदासी ने कहा कि सभी 1,050 यात्रियों को मौके से बचा लिया गया है।

कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार सभी 1,050 यात्रियों को शनिवार को बचा लिया गया। यात्रियों को बचाने के लिए एनडीआरएफ, नौसेना, वायुसेना और सेना समेत विभिन्न राहत एजेंसियों द्वारा लगभग 17 घंटे तक अभियान चलाया गया। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर पानी भरने से यह ट्रेन ठाणे जिले में वंगानी के निकट फंस गई थी।

मध्य रेलवे (सीआर) के अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं और एक माह की एक बच्ची समेत सभी यात्रियों को अपराह्र तीन बजे तक बचा लिया गया। यह ट्रेन शुक्रवार की रात को मुंबई से पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर के लिए रवाना हुई थी लेकिन यह मुंबई से करीब 65 किलोमीटर दूर वंगानी से आगे नहीं जा सकी जहां यह शनिवार तड़के पहुंची थी।

शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के कारण ठाणे जिले के बदलापुर और वंगानी में बाढ़ जैसे हालात बन गए। उल्हास नदी ने बदलापुर में तटबंध तोड़ दिया जिसकी वजह से कई इलाकों में पानी भर गया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि बदलापुर और वंगानी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दो-दो दल मुंबई और पुणे से भेजे गए और इनके साथ नौ नौकाएं भी थीं।

इसमें कहा गया कि दल सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर मौके पर पहुंचा। नौसेना और वायुसेना को भी राहत अभियान में लगाया गया। नौसेना के विशेषज्ञ गोताखोर और वायुसेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को भी सेवा में लगाया गया। सेना के दो कॉलम और 130 प्रशिक्षित कर्मियों को भी खाने के पैकेटों, पेयजल और राहत सामग्री के साथ भेजा गया था। कई यात्रियों को एनडीआरएफ की रबर की नौकाओं के जरिये बचाया गया जबकि अन्य को राहत कर्मियों ने कंधों पर लेकर सुरक्षित जगह पहुंचाया।

कुछ लोग जलमग्न पटरियों पर चलकर खुद सुरक्षित स्थान तक पहुंचे। यात्रियों ने कहा कि मुश्किल वक्त में उन्होंने संयम से काम लिया। एक वक्त ट्रेन के अंदर की लाइट चली गई और शुरू में रेलवे से संपर्क भी नहीं हो सका। लोगों के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो गई, मोबाइल नेटवर्क न मिलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। केंद्र सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए थे।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहत दलों के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नौसेना, वायुसेना, सेना, रेलवे और राज्य प्रशासन की टीमों ने सभी यात्रियों को बचा लिया। राहत दलों के उल्लेखनीय प्रयास को सलाम।’’ सीआर के मुख्य प्रवक्ता सुनील उदासी ने कहा कि सभी 1,050 यात्रियों को मौके से बचा लिया गया है।

उदासी ने कहा, ‘‘महालक्ष्मी एक्सप्रेस के प्रभावित यात्रियों के साथ 19 डिब्बों वाली एक विशेष ट्रेन कल्याण से कोल्हापुर के लिए रवाना होगी। राहत अभियान में शामिल अधिकारियों ने बताया कि नौ गर्भवती महिलाओं और एक महीने की एक बच्ची को भी सुरक्षित बचा लिया गया है। 

Web Title: All 1,050 passengers stranded in Mahalaxmi Express were rescued: Railways

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे