Akhilesh yadav Azam khan: आजम से मिलने अस्पताल पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश, सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद पहली बार मुलाकात, तस्वीरें वायरल
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 1, 2022 07:13 PM2022-06-01T19:13:00+5:302022-06-01T19:14:15+5:30
Akhilesh yadav Azam khan Meeting: रामपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई। साल की शुरुआत में आजम खान के विधायक चुने जाने के बाद लोकसभा की यह सीट खाली हुई है।
Akhilesh yadav Azam khan Meeting: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक आजम खान से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब दोनों के बीच मतभेद की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब ढाई घंटे चली। उन्होंने बताया कि इस दौरान रामपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई। इस साल की शुरुआत में आजम खान के विधायक चुने जाने के बाद लोकसभा की यह सीट खाली हुई है। दोनों नेताओं की मुलाकात लंबे समय बाद हुई है।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी ने दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल पहुंच कर जाना वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता जनाब आज़म ख़ान साहब का स्वास्थ्य लाभ।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) June 1, 2022
हम सबकी दुआ है कि आज़म साहब शीघ्रतम स्वस्थ हों। pic.twitter.com/jFX4Izdx3f
हाल में खान के सहयोगियों ने अखिलेश यादव पर पार्टी के वरिष्ठ नेता के सीतापुर जेल में होने के दौरान उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। खान को रविवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल के ‘मेडिसिन विभाग’ में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, ‘अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और उन्होंने यहां भर्ती आजम खान से मुलाकात की।’ अस्पताल के सूत्रों ने मंगलवार को बताया था कि खान की हालत ‘‘पूरी तरह स्थिर’’ है। उच्चतम न्यायालय से धोखाधड़ी के एक मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद खान 20 मई को उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल से रिहा हुए थे।
अखिलेश यादव ने इस मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ‘‘ (मैं) आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा हूं। आप जल्द ठीक होकर वापस लौटें।’’ यादव ने दो तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें खान के अलावा उनके बेटे और रामपुर की स्वार सीट से विधायक अब्दुल्ला आजम और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं।