अकाल तख्त के जत्थेदार ने प्रत्येक सिख से एक लाइसेंसी हथियार रखने का आह्वान किया, CM भगवंत मान ने जतायी आपत्ति
By भाषा | Published: May 24, 2022 08:31 AM2022-05-24T08:31:36+5:302022-05-24T08:36:57+5:30
अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें शांति और भाईचारे का संदेश देना चाहिए। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी जत्थेदार के बयान पर आपत्ति जतायी।
अमृतसर/चंडीगढ़: अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सोमवार को कहा कि ‘‘ऐसा समय है’’ कि प्रत्येक सिख को एक लाइसेंसी आधुनिक हथियार रखना चाहिए।
उनके इस बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें शांति और भाईचारे का संदेश देना चाहिए। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी जत्थेदार के बयान पर आपत्ति जतायी।
उल्लेखनीय है कि अकाल तख्त सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है। सिंह ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘यहां तक कि आज भी, विशेष तौर पर सिख लड़कों और लड़कियों को गुरु हरगोबिंद सिंह जी के आदेश का पालन करने की जरूरत है। उन्हें ‘गत्का बाजी’ (पारंपरिक युद्ध कला), तलवारबाजी और बंदूक चलाने का प्रशिक्षण लेना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक सिख को वैध तरीके से लाइसेंसी आधुनिक हथियार हासिल करने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि ऐसा समय है और ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।’’
सिंह ने यह बात गुरु हरगोबिंद सिंह के ‘गुरुता गद्दी दिवस’’ के मौके पर बोलते हुए कही। गुरु हरगोबिंद सिंह सिखों के छठे गुरु थे। जत्थेदार की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री मान ने तीखी प्रतिक्रिया जतायी और उनसे ऐसे संदेश नहीं देने को कहा।
मान ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब जी, हथियार को लेकर आपका बयान...जत्थेदार जी, आपको हथियार रखने के संदेश के बजाय गुरबानी के ‘‘सरबत दा भला’’ का संदेश सभी तक पहुंचाना चाहिए। हमें आधुनिक हथियार के संदेश के बजाय शांति, भाईचारे और आधुनिक विकास का संदेश देना चाहिए।’’
बाद में मान ने चंडीगढ़ में जारी बयान में कहा कि सौहार्द्रपूर्ण समाज में हथियार का कोई स्थान नहीं है। वडिंग ने सिंह को उनके बयान को लेकर अकाल तख्त के जत्थेदार के पद से हटाने की मांग की।
ਮਾਣਯੋਗ ਜਥੇਦਾਰ ਸ੍ਰੀ ਅਕਾਲ ਤਖਤ ਸਾਹਿਬ ਜੀ.ਤੁਹਾਡਾ ਹਥਿਆਰਾਂ ਵਾਲਾ ਬਿਆਨ ਸੁਣਿਆਂ…ਜਥੇਦਾਰ ਸਾਹਿਬ ਜੀ ਤੁਸੀਂ ਸਰਬੱਤ ਦਾ ਭਲਾ ਮੰਗਣ ਵਾਲੀ ਗੁਰਬਾਣੀ ਨੂੰ ਘਰ-ਘਰ ਪਹੁੰਚਾਉਣ ਦਾ ਸੰਦੇਸ਼ ਦਿਓ ਨਾ ਕਿ ਹਥਿਆਰ ਰੱਖਣ ਦਾ .ਜਥੇਦਾਰ ਸਾਹਿਬ ਆਪਾਂ ਪੰਜਾਬ ਵਿੱਚ ਸ਼ਾਂਤੀ, ਭਾਈਚਾਰੇ ਅਤੇ ਮਾਡਰਨ ਤਰੱਕੀ ਦੇ ਸੁਨੇਹੇ ਦੇਣੇ ਨੇ ਨਾ ਕਿ ਮਾਡਰਨ ਹਥਿਆਰਾਂ ਦੇ..
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) May 23, 2022
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि जत्थेदार साहिब द्वारा तथ्यों को ठीक तरह से समझाये बिना युवाओं को आधुनिक हथियारों से लैस होने का संदेश देना सांप्रदायिक सौहार्द्र के लिए हानिकारक है।