मुंबई के Wockhardt हॉस्पिटल की 26 नर्स और 3 डॉक्टर कोरोना वायरस संक्रमित, पूरा अस्पताल क्वॉरेंटाइन जोन घोषित
By पल्लवी कुमारी | Published: April 6, 2020 01:44 PM2020-04-06T13:44:40+5:302020-04-06T13:44:40+5:30
COVID-19 India Update: कोरोना वायरस के चलते मृतकों की संख्या 109 पर पहुंच गई जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 4,067 हो गई है। जबकि 291 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई के वॉकहार्ट अस्पताल (Wockhardt) के तीन डॉक्टर और 26 नर्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। एक हफ्ते में तीन डॉक्टर और 26 नर्स के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरे अस्पताल को क्वॉरेंटाइन जोन घोषित कर दिया गया है। ये फैसला बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) द्वारा लिया गया है। किसी को भी अस्पताल में आने या यहां से बाहर जाने की अनुमति नहीं है जब तक की दो बार जांच करने पर टेस्ट नेगेटिव न आ जाए। भारत में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में ही देखा जा रहा है। देश में सोमवार को कोरोना वायरस के चलते मृतकों की संख्या 109 पर पहुंच गई जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 4,067 हो गई है।
सोमवार को 33 नए मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र में कोरोना मरीज की कुल संख्या 781 हुई
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आज (6 अप्रैल) को राज्य में 33 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में कोविड-19 के मरीजों की संख्या 781 हो गई है। 33 नए पॉजिटिव केस में 19 पिंपरी-चिंचवाड़ से, 11 मुंबई से, अहमदनगर, सतारा और वसई से 1-1 मामले सामने आए हैं। कल रात ( 5 अप्रैल) नालासोपारा के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान एक 65 वर्षीय कोरोना वायरस पॉजिटिव व्यक्ति की मृत्यु हो गई है, जिसके साथ ही राज्य में मरने वालों की संख्या 46 हो गई है।
भारत में कोरोना से 109 लोगों की मौत, 4,067 केस
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 6 अप्रैल के ताजा अपडेट के मुताबिक कोरोना वायरस के चलते मृतकों की संख्या 109 पर पहुंच गई जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 4,067 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब भी 3,666 संक्रमित लोग हैं जबकि 291 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कुल मामलों में 65 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
जानें कोरोना से किस राज्य में कितने मौत
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा 45 मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद गुजरात में 11, मध्य प्रदेश में नौ, तेलंगाना और दिल्ली में सात-सात, पंजाब में छह और तमिलनाडु में पांच मौत हुई है। आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक में चार मौत हुई जबकि पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और केरल में दो-दो मौतें हुई हैं। बिहार, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।