‘आप’ ने भाजपा पर लगाया अनाज मंडी अग्निकांड पर राजनीति करने का आरोप
By भाषा | Published: December 8, 2019 06:10 PM2019-12-08T18:10:05+5:302019-12-08T18:10:05+5:30
‘आप’ के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि यह ‘शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि भाजपा आग लगने की घटना पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ सवाल उठाए जा रहे हैं तो भाजपा शासित एमसीडी को लाइसेंस देने के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।’’
आम आदमी पार्टी ने अनाज मंडी में लगी भीषण आग के मामले पर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर निगम को घातक घटना के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह उस फैक्टरी को बंद करें जो अवैध रूप से चलाई जा रही है।
‘आप’ के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि यह ‘शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि भाजपा आग लगने की घटना पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ सवाल उठाए जा रहे हैं तो भाजपा शासित एमसीडी को लाइसेंस देने के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।’’ पुलिस ने बताया कि उत्तर दिल्ली की अनाज मंडी की एक फैक्टरी में रविवार सुबह भीषण आग लग गई जिसमें 43 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य जख्मी हो गए। दिल्ली सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और सात दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
दमकल कर्मियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत नाजुक है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने रविवार की घटना के लिए अरविंद केजरीवाल नीत सरकार को जिम्मेदार बताया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ घटनास्थल का दौरा करने वाले प्रदेश भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी ने कहा कि इलाके में बिजली की तारें लटक रही हैं, लेकिन बार-बार शिकायतें करने के बाद भी सरकारी एजेंसियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस ने भी आप सरकार और भाजपा शासित नगर निगम को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है।