भारत में पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख आबादी पर कोविड-19 के 87 मामले दर्ज किये गये: मंत्रालय
By भाषा | Published: January 15, 2021 04:35 PM2021-01-15T16:35:12+5:302021-01-15T16:35:12+5:30
नयी दिल्ली, 15 जनवरी भारत में पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख आबादी पर कोविड-19 के 87 नये मामले दर्ज किए जो कि अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, जर्मनी, ब्राजील, फ्रांस और इटली जैसे देशों की तुलना में विश्व में सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि इस अवधि में प्रति दस लाख आबादी पर मौत का केवल एक नया मामला सामने आया।
उसने कहा, ‘‘इस महामारी से मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत होने के साथ कोविड-19 से भारत में होने वाली मौतें प्रति दस लाख आबादी पर दुनिया में सबसे कम में से एक हैं।’’
मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है और यह आंकड़ा 2.13 लाख है जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का केवल 2.03 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटे में इस महामारी के 15,590 नये मामले सामने आये जबकि इसी अवधि के दौरान 15,975 लोग स्वस्थ हुए हैं।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख आबादी पर नये मामलों की संख्या केवल 87 थी। यह संख्या रूस, जर्मनी, ब्राजील, फ्रांस, इटली, अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों की तुलना में कम है।’’
देश में स्वस्थ हुए लोगों की कुल संख्या 10,162,738 है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों और उपचाराधीन मरीजों की संख्या के बीच अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है और यह 99 लाख को पार कर गया है।’’
उसने कहा कि इस महामारी से ठीक होने वाले ज्यादातर लोग, लगभग 81.15 प्रतिशत दस राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं।
केरल में एक दिन में सबसे अधिक 4,337 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 3,309 और छत्तीसगढ़ में 970 लोग ठीक हुए हैं।
संक्रमण के कम से कम 77.56 प्रतिशत नये मामले सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से है।
केरल में एक दिन में सबसे अधिक 5,490 नये मामले सामने आये। इसके बाद महाराष्ट्र में 3,579 जबकि पश्चिम बंगाल में 680 नये मामले सामने आये।
पिछले 24 घंटे में 191 और लोगों की इस महामारी से मौत हुई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।