तेज हवा आंधी तूफान से महाकाल लोक में 6 मूर्तियां क्षतिग्रस्त, कई स्थानों पर पेड़ गिरे मकान एवं दिवारें क्षतिग्रस्त
By बृजेश परमार | Published: May 28, 2023 10:13 PM2023-05-28T22:13:28+5:302023-05-28T22:16:23+5:30
उज्जैन में रविवार दोपहर तक तेज धूप थी परंतु 3 बजते ही अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। तेज हवा आंधी तूफान के कारण शहर में जनजीवन प्रभावित हो गया।

तेज हवा आंधी तूफान से महाकाल लोक में 6 मूर्तियां क्षतिग्रस्त, कई स्थानों पर पेड़ गिरे मकान एवं दिवारें क्षतिग्रस्त
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बिगड़े मौसम का असर महाकाल लोक पर भी पड़ा है। आंधी के कारण महाकाल लोक में स्थापित सप्तऋषि की सात में से 6 मूर्तियां गिर गई। यह प्राकृतिक तुषारापात रविवार शाम 4 बजे के लगभग हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के साथ प्रशासनिक अमला महाकाल लोक पहुंच गया और जानकारी ली।
उज्जैन में रविवार दोपहर तक तेज धूप थी परंतु 3 बजते ही अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। तेज हवा आंधी तूफान के कारण शहर में जनजीवन प्रभावित हो गया। इसके साथ ही यहां बारिश व ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। विश्व प्रसिद्ध महाकाल लोक के प्रथम चरण के 419 करोड़ के निर्माण में शामिल आधा दर्जन सप्त ऋषि की मूर्तियां क्षतिग्रस्त हुई है। कुछ मूर्तियां नीचे गिर गई और कुछ के सर व हाथ खंडित हुए हैं।
महाकाल लोक के प्रथम चरण का निर्माण स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 419 करोड़ से किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर 2022 को उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के नए परिसर 'महाकाल लोक' का लोकार्पण किया था। जिस समय आंधी और बारिश का दौर आरंभ हुआ बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल लोक में मौजूद थे।
रविवार होने से वैसे ही भक्तों की संख्या ज्यादा ही थी। हादसे में कई श्रद्धालु बाल-बाल बचे। महाकाल लोक के बनने के बाद उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शनार्थियों की संख्या दोगुनी हो गई ।कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के अनुसार मुर्तियां एफआरपी मटेरियल की हैं इनके स्थान पर पत्थर की मुर्तियां आगामी समय में स्थापित की जाना है। संधारण का काम अगले तीन दिन में कर लिया जाएगा। शहर के साथ ही जिले में कई स्थानों पर आंधी तूफान से कई पेड़ गिरे हैं महाकाल लोक का हिस्सा पुरी तरह से खुला हुआ है।
घटना की जानकारी लगते ही शहर कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और यहां भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आंदोलन करने की बात कही गई। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि भदोरिया ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि आठ माह में महाकाल लोग की असलियत सामने आ गई है ।
पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के तत्काल बाद वहां पहुंची और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम जारी है।भाजपा प्रदेश प्रदेश प्रवक्ता राजपालसिंह सिसौदिया ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष की टिप्पणी पर कहा कि हमने पूरी पारदर्शिता के साथ जीरो टालरेंस के तहत महाकाल लोक का निर्माण किया है।
यह प्राकृतिक आपदा है कुछ नुकसान होता है तो ऐसा कहना कांग्रेस का राजनैतिक रूप से प्रेरित होकर कहा गया माना जाना चाहिए। पहले कांग्रेस कहती थी कि यह कमलनाथ जी का किया गया है ।कांग्रेस शुरू से ही ईर्श्यावश विवादित टिप्पणी करती रही है। हमारी सरकार की उपलब्धि कांग्रेस की आंख में किरकिरी की तरह चुभ रही है।
पेड़ गिरा एक की मौत, तीन घायल
रविवार सुबह से तेज हवा चलने से पेडों के जमीन छोड़ने की घटनाएं हुई हैं। सुबह सांदिपनी आश्रम के सामने स्थित सुखे पेड़ के गिरने से उसके नीचे एक कार,बाईक,आटो दब गई थी। कार में सवार ड्रायवर को चोंट लगी थी जिसका उपचार जिला अस्पताल में किया गया।
अपरांन्ह में तेज आंधी से सराफा नृसिंह मंदिर के सामने जैन मंदिर से लगा बरगद का पेड गिरने से पास की दुकान में दब जाने से आयाज उफर् पप्पू पिता कालू बेग 40 वर्ष निवासी बेगमबाग की मौत हो गई।दुकान में मौजूद अर्जुन 34 वर्ष घायल हुआ है। पंवासा थाना क्षेत्र में देवल माता मंदिर के पास दीवार धंसने से उसकी चपेट में आया चेतन पिता योगेश ढाई वर्ष घायल हुआ है।
अपरांन्ह से बिजली बंद
अपरांह में तेज आंधी और बारिश के साथ शहर और जिले में कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हुए हैं। इसके चलते विघुत व्यवस्था पुरी तरह चरमरा गई है।समाचार लिखे जाने तक शहर के अधिकांश हिस्से अंधेरे में डूबे हुए थे।