गुजरात में राजकोट के पास महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर मापी गई 5.5 तीव्रता
By स्वाति सिंह | Published: June 14, 2020 08:44 PM2020-06-14T20:44:49+5:302020-06-14T21:44:03+5:30
एक दिन पहले शनिवार को राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। इसके बाद आज गुजरात में राजकोट के पास रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई।
गुजरात में राजकोट के पास रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बताया जा रहा है कि राजकोट से 122 किमी दूर उत्तर-उत्तर पश्चिम में आए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार यह भूकंप रविवार रात 8:13 बजे आया। इस भूकंप में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
एक दिन पहले शनिवार को राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। मौसम विभाग के अनुसार सुबह दस बजकर 26 मिनट पर आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.3 आंकी गयी। विभाग के अनुसार इस भूकंप का केंद्र भूतल से 35 किलोमीटर नीचे था । जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार भूकंप से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
कोरोना वायरस के संकट के बीच भूकंप आने से लोगों में डर का माहौल है। बता दें कि 12 और 13 अप्रैल को दिल्ली मे भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, लेकिन इनकी तीव्रता भी काफी कम थी।
क्यों आता है भूकंप?
पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की एनर्जी बाहर आने का रास्ता खोजती हैं और डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।
कितनी तबाही लाता है भूकंप?
रिक्टर स्केल | असर |
0 से 1.9 | सिर्फ सीज्मोग्राफ से ही पता चलता है। |
2 से 2.9 | हल्का कंपन। |
3 से 3.9 | कोई ट्रक आपके नजदीक से गुजर जाए, ऐसा असर। |
4 से 4.9 | खिड़कियां टूट सकती हैं और दीवारों पर टंगी फ्रेम गिर सकती हैं। |
5 से 5.9 | फर्नीचर हिल सकता है। |
6 से 6.9 | इमारतों की नींव दरक सकती है। ऊपरी मंजिलों को नुकसान हो सकता है। |
7 से 7.9 | इमारतें गिर जाती हैं। जमीन के अंदर पाइप फट जाते हैं। |
8 से 8.9 | इमारतों सहित बड़े पुल भी गिर जाते हैं। सुनामी का खतरा। |
9 और उससे ज्यादा | पूरी तबाही। कोई मैदान में खड़ा हो तो उसे धरती लहराते हुए दिखेगी। समंदर नजदीक हो तो सुनामी। |
* भूकंप में रिक्टर पैमाने का हर स्केल पिछले स्केल के मुकाबले 10 गुना ज्यादा ताकतवर होता है।